Schools Closed: दिवाली से छठ तक... यूपी-बिहार समेत इन राज्यों में कई दिनों तक बंद रहेंगे स्कूल

punjabkesari.in Monday, Oct 28, 2024 - 11:44 PM (IST)

नई दिल्लीः कल यानी 29 अक्टूबर को धनतेरस से त्योहारों की शुरुआत होने जा रही है। इस साल दीपावली 31 नवंबर को मनाई जाएगी। इसके बाद 2 नवंबर को गोवर्धन पूजा होगी और 3 नवंबर को भाई दूज का त्योहार मनाया जाएगा। दीपावली से छह दिन बाद यानी 6 नवंबर को छठ पूजा है। ऐसे में कई राज्यों ने स्कूलों की छुट्टियां घोषित कर दी हैं। यूपी-बिहार, राजस्थान समेत किन-किन राज्यों में कब-कब बंद रहेंगे स्कूल आईए जानते हैं यहां…

उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने हाल ही में 31 अक्टूबर को दीपावली की छुट्टी घोषित की है। इसके बाद 2 और 3 नवंबर को भी स्कूल बंद रहेंगे। इस बीच एक नवंबर शुक्रवार को विद्यालय खुलेंगे और दो को फिर गोवर्धन पूजा की छुट्टी है। इसे लेकर शिक्षकों में नाराजगी है तो छात्र और अभिभावक भी परेशान हैं।

दरअसल, 30 अक्तूबर से तीन नवंबर तक लगातार त्योहार पड़ रहे हैं। इसकी वजह से न सिर्फ बेसिक बल्कि कई विश्वविद्यालयों ने भी 30 अक्तूबर से तीन नवंबर तक छुट्टी घोषित कर रखी है। किंतु एक नवंबर को माध्यमिक विद्यालय खुले हैं। हालांकि इस दिन कार्तिक अमावस्या पड़ रही है। शिक्षकों व अभिभावकों को कहना है कि बीच में एक दिन स्कूल खुलने से बाहर जाने वाले लोग दीपावली पर भी अपने घर नहीं जा पाएंगे।

तमिलनाडु
तमिलनाडु सरकार ने राज्य के सभी स्कूलों-कॉलेजों में 31 अक्टूबर और 1 नवंबर की छुट्टी घोषित की है, जिसके बाद राज्य के सभी स्कूल कॉलेज चार दिन बंद रहेंगे। राज्य सरकार ने एक बयान जारी कर कहा है कि इस साल दीपावली 31 अक्टूबर को मनाने के लिए, अपने गृहनगर लौटने वाले छात्रों, शिक्षकों, अभिभावकों और सरकारी अधिकारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 1 नवंबर की छुट्टी घोषित की जाती है।' वहीं 2-3 नवंबर को शनिवार-रविवार की वजह से चार दिन की छुट्टी रहेगी। हालांकि 2 नवंबर की छुट्टी की भरपाई 9 नवंबर को कार्य दिवस घोषित करने का आदेश दिया गया है।

राजस्थान और मध्य प्रदेश
राजस्थान के स्कूलों में दिवाली पर्व पर 27 अक्टूबर से 7 नवंबर तक स्कूलों में छुट्टी जारी है। वहीं मध्य प्रदेश के स्कूलों में 31 अक्टूबर और  1 नवंबर 2024 को अवकाश रहेगा, जबकि शनिवार और रविवार के चलते चार दिन स्कूल बंद रहेंगे।

बिहार
बिहार सरकार ने दिवाली और फिर छठ पूजा के मद्देनजर स्कूलों में छुट्टियों की घोषणा कर दी है। इस साल छठ पूजा के लिए बिहार में 6 नवंबर से 9 नवंबर तक स्कूल बंद रहेंगे।

कर्नाटक
कर्नाटक सरकार ने सभी स्कूल-कॉलेजों में 31 अक्टूबर को दिवाली की छुट्टी घोषित की है। इसके अलावा 1 नवंबर को कर्नाटक राजोत्सव मनाया जाएगा। इसलिए राज्य में 31 अक्टूबर से 3 नवंबर तक स्कूल बंद रहेंगे।

31 अक्टूबर को ही दिवाली का शुभ मुर्हूत
साल 2024 में दिवाली 31 अक्टूबर को मनाई जाएगी। दिवाली का त्योहार कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की अमावस्या तिथि को मनाया जाता है। इस बार कार्तिक अमावस्या तिथि 31 अक्टूबर को दोपहर 3 बजकर 52 मिनट पर शुरू होगी और तिथि का समापन 1 नवंबर को शाम 6 बजकर 16 मिनट पर होगा। ऐसे में अमावस्या की तिथि के अनुसार कुछ विद्वान या पंडित 31 अक्टूबर को दीपावली मनाना सही बता रहे हैं। दिवाली का त्योहार पांच दिनों का होता है। इस साल दिवाली 29 अक्टूबर को धनतेरस से शुरू होकर 3 नवंबर को भाई दूज के साथ खत्म होगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Related News