सरकारी स्कूल में ज़हरीला नाश्ता: सांभर में मिली मरी छिपकली, 40 बच्चे अस्पताल में भर्ती

punjabkesari.in Friday, Sep 25, 2026 - 01:43 PM (IST)

नई दिल्ली: तमिलनाडु के तिरुवल्लूर ज़िले से स्कूली बच्चों की सुरक्षा और भोजन की गुणवत्ता को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है।  एक सरकारी स्कूल में शुक्रवार को छात्रों को परोसे गए सांभर में कथित तौर पर मरी हुई छिपकली मिली। 

मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना तिरुवल्लूर ज़िले के एक गांव में स्थित सरकारी स्कूल की है, जहां कुल मिलाकर लगभग 50 छात्र पढ़ते हैं। शुक्रवार की सुबह रोज़ाना की तरह करीब 40 बच्चों को स्कूल में नाश्ता परोसा गया था। खाना खाने के कुछ ही देर बाद जब बर्तनों को देखा गया, तो सांभर के अंदर मरी हुई छिपकली तैरती हुई मिली।

सांभर में छिपकली की खबर फैलते ही हड़कंप मच गया। इसके तुरंत बाद कई बच्चों ने पेट दर्द, उल्टी और चक्कर आने की शिकायत शुरू कर दी। स्कूल प्रशासन ने आनन-फानन में एम्बुलेंस और स्थानीय वाहनों की मदद से सभी बीमार बच्चों को पास के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।

इस घटना के बाद से स्थानीय ग्रामीणों और अभिभावकों में भारी आक्रोश है। उन्होंने प्रशासन से भोजन पकाने वाली एजेंसी और स्कूल प्रबंधन की लापरवाही के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मामले की जांच में जुट गई हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News