School Closed : 21 अप्रैल तक सभी स्कूल रहेंगे बंद, जिला प्रशासन ने लिया फैसला
punjabkesari.in Saturday, Apr 18, 2026 - 12:23 AM (IST)
नेशनल डेस्क : ओडिशा में भीषण लू के बीच पश्चिमी क्षेत्र के तीन जिलों में प्रशासन ने शुक्रवार को 18 से 21 अप्रैल तक सभी स्कूल, कॉलेज और शैक्षणिक संस्थान बंद रखने का आदेश दिया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। बलांगीर, सुबर्णपुर और कालाहांडी जिला प्रशासनों द्वारा जारी अलग-अलग अधिसूचनाओं के मुताबिक मौजूदा गर्म और उमस भरी स्थिति का देखते हुए यह निर्देश दिया गया है।
कालाहांडी के कलेक्टर सचिन पवार द्वारा जारी अधिसूचना में कहा गया, "जिले के लिए भारत मौसम विभाग द्वारा जारी 'रेड अलर्ट' और मौजूदा लू की स्थिति को देखते हुए तथा छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए 18 से 21 अप्रैल तक सभी स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र बंद रहेंगे।"
अधिकारियों ने बताया कि कक्षा पांच और आठ की पूरक परीक्षाएं सुबह सात से नौ बजे के बीच आयोजित की जाएंगी। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, ओडिशा के कम से कम 10 स्थानों पर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया।
