हॉस्टल में रैगिंग की डरावनी घटना: सीनियर छात्रों ने 27 जूनियर्स को बनाया निशाना - जांच शुरू
punjabkesari.in Wednesday, Aug 05, 2026 - 04:09 PM (IST)
नई दिल्ली: ओडिशा के रायगढ़ा जिले स्थित एक सरकारी आवासीय स्कूल के हॉस्टल में हिंसा का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि 10वीं कक्षा के कुछ वरिष्ठ छात्रों ने हॉस्टल के भीतर 9वीं कक्षा के 27 छात्रों के साथ मारपीट की। अधिकारियों के अनुसार, यह घटना रविवार को राविलकोना सरकारी हाई स्कूल हॉस्टल में हुई। यह स्कूल अनुसूचित जनजाति (ST), अनुसूचित जाति (SC) विकास, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा संचालित है।
अधिकारियों ने बताया कि घटना तब शुरू हुई जब 10वीं क्लास के छात्रों के एक ग्रुप ने 9वीं क्लास के जूनियर छात्रों से खेल के मैदान से देर से लौटने के बारे में सवाल किया। जब 9वीं क्लास के छात्रों ने सवाल किए जाने पर आपत्ति जताई, तो कथित तौर पर बहस शुरू हो गई और सीनियर छात्रों ने उन पर हमला कर दिया।
छात्रों पर दो बार किया हमला
घायल छात्रों द्वारा स्कूल मैनेजमेंट को घटना की जानकारी देने के बाद स्थिति और गंभीर हो गई। हिंसा रोकने के बजाय, आरोपी सीनियर छात्रों ने कथित तौर पर जूनियर छात्रों पर फिर से हमला किया। अधिकारियों ने बताया कि दूसरे हमले के दौरान उन्होंने लकड़ी के डंडों का इस्तेमाल किया और 9वीं क्लास के कुल 27 छात्र घायल हो गए, जिससे हॉस्टल में अफरातफरी मच गई।
सूचना मिलने के बाद पुलिस स्कूल हॉस्टल पहुंची, लेकिन आरोपी छात्र तब तक कैंपस से जा चुके थे। स्कूल के हेडमास्टर की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने कहा कि घटना में शामिल छात्रों का पता लगाने की कोशिशें की जा रही हैं।
जांच के आदेश
घटना के बाद प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई की। कोलनारा ब्लॉक वेलफेयर एक्सटेंशन ऑफिसर देबाशीष मुंडा ने स्कूल का दौरा किया और मामले की शुरुआती जांच की। ज़िला कल्याण अधिकारी असीमा राव ने अधिकारियों को विस्तृत जांच रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया और कहा कि रायगढ़ा कलेक्टर को घटना के बारे में पहले ही सूचित कर दिया गया है। ज़िला प्रशासन ने स्कूल के हेडमास्टर को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया है। साथ ही, कल्याण विभाग ने भी एक अलग जांच शुरू कर दी है।
