Russia-Ukraine War: भारत का रूस को भी समर्थन नहीं, UNSC में 13 देशों ने नहीं किया मतदान

punjabkesari.in Thursday, Mar 24, 2022 - 08:56 AM (IST)

नेशनल डेस्क: यूक्रेन और रूस के बीच जारी जंग को एक महीना होने वाला है लेकिन दोनों देशों में से कोई एक भी झुकने को तैयार नहीं है। इसी बीच कई देशों ने रूस पर कई तरह की पाबंदियां लगा दी हैं, हालांकि भारत रूस पर किसी भी तरह के ऐक्शन लेने से अभी बच रहा है। भले ही भारत रूस के खिलाफ नहीं है लेकिन वह चाहता है कि यूक्रेन पर जो संकट छाया हुआ है वो जल्द खत्म हो जाए। यूएन सिक्योरिटी काउंसिल (UNSC) में भारत ने यूक्रेन में मानवीय संकट पर रूस के प्रस्ताव पर वोटिंग से दूरी बनाई है। सबसे खास बात यह है कि भारत ने यूक्रेन और रूस युद्ध के मुद्दे पर अपनी तटस्थता को बरकरार रखा है। यही वजह है कि इससे पहले भारत UN में यूक्रेन मुद्दे पर रूस के खिलाफ पश्चिम देशों के प्रस्ताव पर भी दूरी बनाता आया है। 

 

रूस को नहीं मिले वोट
भारत समेत कुल 13 देशों ने रूस के प्रस्ताव पर वोटिंग में हिस्सा नहीं लिया। रूस ने इस प्रस्ताव को सीरिया, उत्तर कोरिया और बेलारूस के समर्थन से पेश किया था लेकिन यह पास नहीं हो सका क्योंकि इसे पास होने के लिए 9 वोट की जरूरत थी। 

 

यह था रूस के प्रस्ताव में
रूस और चीन ने इस प्रस्ताव के समर्थन में वोट किया, जबकि भारत और सिक्योरिटी काउंसिल के बाकी सदस्यों ने वोटिंग में हिस्सा नहीं लिया। रूस के इस प्रस्ताव में महिलाओं, बच्चों और मानवीय कर्मियों समेत सभी नागरिकों को सरंक्षित करने, रूस और यूक्रेन के बीच राजनीतिक वार्ता,  मध्यस्थता और अन्य शांतिपूर्ण तरीकों से समाधान करने की अपील थी।

 

भारत ने साधी चुप्पी
वोटिंग के बाद सदस्य देशों ने बयान जारी किए लेकिन भारत ने इस पर कुछ नहीं कहा। भारत इससे पहले दो बार सिक्योरिटी काउंसिल में वोटिंग में हिस्सा लेने से मना कर चुका है। भारत ने रूस के खिलाफ जनरल असेंबली में आए प्रस्ताव पर भी वोटिंग नहीं की थी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Seema Sharma

Recommended News

Related News