मुंबईः लालबागचा राजा को उपहार में मिली सोने-हीरे जड़ित गणपति की मूर्ति, कीमत 42 लाख
punjabkesari.in Thursday, Sep 20, 2018 - 11:12 AM (IST)
मुंबईः गणेशोत्सव पर मुंबई में लालबागचा राजा को उपहार में सोने की बनी मूर्ति उपहार में मिली है। इतना ही नहीं, सोने की इस मूर्ति पर हीरे भी लगे हुए हैं। इस मूर्ति की कीमत तकरीबन 42 लाख रुपए बताई जा रही है। इसका वजन करीब 1 किलो, 200 ग्राम है। हालांकि, इस पर लगे हीरे की कीमत अभी आंकी नहीं गई है। इस मूर्ति को किसने उपहार में दिया है, इसकी जानकारी नहीं है। दरअसल, अपनी पहचान छुपाते हुए किसी ने चुपचाप इस उपहार को दान पेटी में डाल दिया।
यह लालबागचा राजा को मिला अब तक का सबसे महंगा तोहफा है। गणेशोत्सव में सबसे ज्यादा धूम लालबागचा राजा की होती है। यहां बड़ी-बड़ी हस्तियां नतमस्तक होती हैं और पूजा-अर्चना करती हैं।
पिछले साल यहां करीब 10 करोड़ रुपए कैश एकत्र किया गया था और सिल्वर प्लेटेड कॉपर की तलवार भी दान पात्र में मिली थी। इसके अलावा, इससे पहले एक किलो का सोने का बिस्किट और 550 ग्राम की गणपति और मां लक्ष्मी के सोने की मूर्ति भी किसी ने दान में दी थी। उल्लेखनीय है कि लालबागचा राजा का सावर्जनिक गणेश मंडल 1934 में स्थापित किया गया था।