Delhi में भारी बारिश के बाद सड़कों पर भरा पानी, 15 साल के लड़के की डूबने से मौत

punjabkesari.in Friday, Aug 23, 2024 - 11:54 PM (IST)

नई दिल्लीः दिल्ली के कुछ हिस्सों में शुक्रवार को भारी बारिश के बाद चाणक्य पुरी इलाके में जलमग्न सड़क पर 15 वर्षीय एक लड़के की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने शुरू में कहा था कि लड़के की मौत डूबने से हुई जबकि नगर निकाय के अधिकारियों ने दावा किया कि उसे एक कार ने टक्कर मार दी थी। पुलिस ने शुरू में कहा था कि लड़का अपने दोस्तों के साथ खेलते समय गलती से गहरे पानी में चला गया और डूब गया। हालांकि, एनडीएमसी के एक अधिकारी ने कहा कि लड़के को एक कार ने टक्कर मार दी थी।

नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के अधिकारी ने कहा, "हमारी जानकारी के अनुसार, यह डूबने का मामला नहीं है। जिस स्थान पर घटना हुई, वह जलमग्न नहीं था।" पुलिस ने बाद में कहा कि उन्हें संदेह है कि लड़का किसी तरह सड़क किनारे खड़ी कार के पहिये के नीचे फंस गया। जब तक लोगों ने उसे बाहर निकाला, वह बेहोश हो चुका था। पुलिस ने बताया कि मृतक सौरभ अपने परिवार के साथ इलाके के विवेकानंद कैंप में रहता था।

पुलिस के अनुसार घटना ब्रिटिश स्कूल के पास जलमग्न सड़क पर हुई। एक अधिकारी ने बताया कि पीड़ित के दोस्तों ने उसके परिवार के सदस्यों को सूचित किया, जो तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे, उसे पानी से बाहर निकाला और अस्पताल ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। कुछ निवासियों को संदेह है कि बारिश के दौरान एक और कार की चपेट में आने से लड़के की मौत हो गई।

एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें लोग सौरभ को कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन (सीपीआर) देते हुए दिख रहे हैं। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सौरभ को अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। लड़के के माता-पिता मजदूरी करते हैं और उसकी दो बहन व एक छोटा भाई है। सौरभ की बहन प्रीति ने बताया कि उसका भाई सरकारी स्कूल में 9वीं कक्षा का छात्र था।

प्रीति ने कहा, "वह बारिश के दौरान सड़क पर खेल रहा था। हमें नहीं पता कि यह घटना कैसे हुई लेकिन लोगों ने हमें बताया कि उसे एक कार ने टक्कर मार दी थी। कुछ ने हमें बताया कि वह एक कार के नीचे फंस गया था।" प्रीति ने कहा कि उसके बड़े भाई की कुछ साल पहले उनके घर के पास सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। अब परिवार ने सबसे छोटे बेटे सौरभ को खो दिया है।

सौरभ के पिता कल्लू ने बताया कि उन्हें अब भी घटना के क्रम के बारे में पता नहीं है। उन्होंने कहा, "पुलिस ने हमें उसका शव ठीक से देखने नहीं दिया। उन्होंने हमसे कहा है कि वे कल सीसीटीवी फुटेज दिखाएंगे।" पुलिस ने कहा कि वह घटना का सटीक क्रम जानने के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। पुलिस ने सौरभ के दोस्तों और अन्य प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए हैं। अधिकारी ने बताया कि कार मालिक का भी बयान लिया गया है। पुलिस ने कहा कि शव पोस्टमॉर्टम के बाद परिवार को सौंप दिया गया और जांच जारी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Related News