सड़क के गड्ढे ने ली महिला डॉक्टर की जान, अगले महीने होने वाली थी शादी

punjabkesari.in Thursday, Oct 10, 2019 - 02:06 PM (IST)

ठाणे: महाराष्ट्र के ठाणे जिले में 21 साल की एक डॉक्टर की एक वाहन से उस समय कट कर मौत हो गई जब गड्ढे में फिसल कर अपने दो पहिया वाहन के साथ वह सड़क पर गिर पड़ी और एक ट्रक के नीचे आ गई। गुरुवार को पुलिस ने यह जानकारी दी। सहायक पुलिस निरीक्षक महेश सागड़े ने बताया कि बुधवार देर रात कुडूस गांव की रहने वाली नेहा शेख भिवंडी शहर से अपने घर जा रही थी तभी यह दुर्घटना हुई। मृतक महिला की अगले महीने शादी होने वाली थी। महिला अपने भाई के साथ दोपहिया वाहन पर जा रही थी तभी दुगढ़ दोराहे के पास वाहन गड्ढे में फिसलने से वह अपना संतुलन खोकर सड़क पर गिर गई।

 

सागड़े ने बताया कि पास से गुजर रहा ट्रक महिला को रौंदते हुए निकल गया। ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। भारतीय दंड संहिता की धारा 304-ए(लापरवाही के कारण मौत) के तहत अज्ञात ट्रक चालक पर मुकद्दमा दर्ज कर लिया गया है। अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। बाद में, आदिवासी कल्याण के लिए काम करने वाले संगठन ‘श्रमजीवी संघटना' के कई सदस्य दुर्घटनास्थल अनगांव टोल बूथ पहुंचे और आधी रात को बूथ बंद करवा दिया।

 

संगठन के युवा वर्ग के अध्यक्ष प्रमोद पवार ने दावा किया कि इस साल गड्ढों से भरी सड़क कई लोगों की मौत का करण बन गई। उन्होंने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और सड़क निर्माण और रख-रखाव के लिए जिम्मेदार संस्था के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि वे टोल बूथ को काम नहीं करने देंगे और अपनी मांग पूरी होने तक "शांतिपूर्ण आंदोलन" पर बैठे रहेंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Seema Sharma

Recommended News

Related News