बिहार कांग्रेस में टूट रोकने के लिए सर्वोच्च पदाधिकारी ने नेताओं को सौंपा दायित्व

punjabkesari.in Monday, Sep 04, 2017 - 01:10 PM (IST)

पटना: बिहार में कांग्रेस विधायकों के टूटने की खबर से पार्टी के नेताओं में असंतोष की स्थिति बनी हुई है। कांग्रेस विधायकों को टूट से बचाने के लिए सर्वोच्च पदाधिकारी ने नेताओं को नीतीश सरकार के खिलाफ आंदोलन करने का दायित्व सौंपा है। पार्टी के सर्वोच्च पदाधिकारी इस आंदोलन द्वारा एक तीर से दो निशाने साधने की तैयारी कर रहे है। उनका मानना है कि पार्टी के इस कदम से एक तरफ नीतीश सरकार पर तंज कसा जाएगा और दूसरी तरफ पार्टी में एकजुटता कायम करने की शुरुआत होगी।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पार्टी के आलाकमान ने कांग्रेस नेताओं को महागठबंधन तोड़ने को लेकर नीतीश सरकार के खिलाफ सड़क पर उतर कर आंदोलन करने को कहा। नेताओं को चंपारण से आंदोलन प्रारंभ करने के लिए कहा गया है और इस दौरान पटना में एक महारैली का आयोजन भी किया जा सकता है। जानकारी के अनुसार अक्टूबर में शुरु होेने वाला यह आंदोलन कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में होगा।

बता दें कि बिहार में महागठबंधन टूटने के बाद नीतीश कुमार के भाजपा के साथ हाथ मिलाकर दोबारा सरकार बनाने से ही कांग्रेस विधायकों में असंतोष की स्थिति बनी हुई थी। बिहार में कांग्रेस पार्टी के 27 विधायक हैं जिनमें से 14 विधायकों के बागी होने की खबरें आ रहीं हैं। चार ओर विधायकों के बागी होने पर कांग्रेस टूट सकती है क्योंकि अपनी विधायकी को बनाए रखने के लिए दो-तिहाई आंकड़े का होना जरूरी है।     



 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News