Surya Grahan : 6 मिनट 22 सेकंड तक छाया रहेगा घोर अंधेरा... पढ़ें कब लगेगा 21वीं सदी का दूसरा सबसे लंबा सूर्य ग्रहण?
punjabkesari.in Tuesday, Mar 10, 2026 - 11:54 AM (IST)
नेशनल डेस्क : सूर्य ग्रहण को भारतीय परंपराओं और धार्मिक मान्यताओं में अक्सर अशुभ घटना माना जाता है। कई लोग इस दौरान विशेष सावधानियां बरतते हैं और पूजा-पाठ से जुड़े नियमों का पालन करते हैं। हालांकि, खगोल विज्ञान के अनुसार सूर्य ग्रहण एक प्राकृतिक और बेहद रोचक खगोलीय घटना है।
वैज्ञानिकों के मुताबिक, जब चंद्रमा पृथ्वी और सूर्य के बीच आ जाता है और सूर्य की रोशनी पृथ्वी तक सीधे नहीं पहुंच पाती, तब सूर्य ग्रहण होता है। इस स्थिति में चंद्रमा की छाया पृथ्वी पर पड़ती है और कुछ समय के लिए सूर्य का पूरा या आंशिक भाग दिखाई नहीं देता। खगोलीय गणनाओं के अनुसार सूर्य ग्रहण हमेशा अमावस्या के दिन ही होता है।
2026 में एक सूर्य ग्रहण हो चुका है
साल 2026 में सूर्य ग्रहण की एक घटना 17 फरवरी को घटित हो चुकी है। इस साल का दूसरा सूर्य ग्रहण 12 अगस्त 2026 को लगने वाला है। हालांकि खगोलविदों और अंतरिक्ष वैज्ञानिकों की खास नजर साल 2027 पर टिकी हुई है, क्योंकि उस वर्ष होने वाला सूर्य ग्रहण बेहद खास और दुर्लभ माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें - दिन में होगा अंधेरा... इस दिन लगेगा साल 2026 का दूसरा सूर्य ग्रहण
2027 में लगेगा सदी का दूसरा सबसे लंबा सूर्य ग्रहण
वैज्ञानिकों के अनुसार 27 अगस्त 2027 को लगने वाला सूर्य ग्रहण 21वीं सदी की सबसे महत्वपूर्ण खगोलीय घटनाओं में से एक होगा। इस ग्रहण के दौरान चंद्रमा करीब 6 मिनट 22 सेकंड तक सूर्य को पूरी तरह ढक लेगा। इतनी लंबी अवधि का पूर्ण सूर्य ग्रहण बहुत कम देखने को मिलता है।
जब यह घटना घटेगी, तब जिन क्षेत्रों में पूर्ण सूर्य ग्रहण दिखाई देगा वहां दिन के समय कुछ मिनटों के लिए रात जैसा अंधेरा छा जाएगा। आकाश में तारे भी नजर आ सकते हैं और तापमान में हल्की गिरावट भी महसूस हो सकती है। वैज्ञानिकों का कहना है कि इस तरह का लंबा सूर्य ग्रहण फिर साल 2114 में ही देखने को मिलेगा।
भारत में कैसा दिखेगा यह ग्रहण
27 अगस्त 2027 को लगने वाला यह सूर्य ग्रहण भारत में पूरी तरह दिखाई नहीं देगा। भारत में यह केवल आंशिक सूर्य ग्रहण के रूप में नजर आएगा, यानी सूर्य का थोड़ा सा हिस्सा ही ढका हुआ दिखाई देगा। हालांकि दुनिया के कुछ देशों में यह पूर्ण सूर्य ग्रहण के रूप में देखा जा सकेगा। इनमें स्पेन, मिस्र, सऊदी अरब, लीबिया, ट्यूनीशिया, यमन, मोरक्को, सूडान, सोमालिया, अल्जीरिया और जिब्राल्टर शामिल हैं। इन क्षेत्रों में कुछ मिनटों के लिए दिन में अंधेरा छा सकता है।
यह भी पढ़ें - 3-4 महीने बाद AC ऑन करने जा रहे हैं? तो सबसे पहले कराएं ये जरूरी काम
2009 में लगा था सदी का सबसे लंबा सूर्य ग्रहण
इससे पहले 21वीं सदी का सबसे लंबा सूर्य ग्रहण 22 जुलाई 2009 को लगा था। उस समय सूर्य लगभग 6 मिनट 39 सेकंड तक पूरी तरह ढका रहा था। यह ग्रहण एशिया के कई हिस्सों, खासकर भारत और चीन में स्पष्ट रूप से देखा गया था। खगोलविदों के अनुसार 2027 का सूर्य ग्रहण अवधि के मामले में इस सदी का दूसरा सबसे लंबा सूर्य ग्रहण होगा। इसी वजह से वैज्ञानिकों और खगोल प्रेमियों के लिए यह घटना काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
