रेखा गुप्ता आज लेंगी दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ...राहुल गांधी रहेंगे रायबरेली के दौरे पर, मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में पढ़ें देश की बड़ी खबरें
punjabkesari.in Thursday, Feb 20, 2025 - 02:52 AM (IST)

नेशनल डेस्कः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की विधायक रेखा गुप्ता दिल्ली की नई मुख्यमंत्री होंगी। दिल्ली प्रदेश भाजपा कार्यालय में केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में सर्वसम्मति से पार्टी विधायक दल की नेता चुने जाने के बाद उन्होंने सरकार बनाने का दावा पेश किया। दिल्ली की शालीमार बाग विधानसभा सीट से पहली बार विधायक बनीं गुप्ता बृहस्पतिवार दोपहर मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी।
उधर, नेता प्रतिपक्ष और रायबरेली के सांसद राहुल गांधी गुरुवार से अपने संसदीय क्षेत्र का दो दिवसीय दौरे करेंगे और कई कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। इस दौरान वह दलित छात्रों से चर्चा करेंगे और राणा बेनी माधव की प्रतिमा अनावरण समेत कई कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे।
आज उत्तर प्रदेश की योगी सरकार अपना नौवां बजट पेश करेगी
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार आज अपना नौवां बजट पेश करेगी। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना बजट को विधानसभा के पटल पर रखेंगे। एक अनुमान के मुताबिक इस बार का बजट आठ लाख करोड़ का हो सकता है। इस बार बजट में लोक-लुभावन घोषणाएं हो सकती हैं। इस बजट में विकास के योगी मॉडल की छाप दिखेगी।
दिल्ली में गांधी परिवार से मिलकर सुलतानपुर के मोची रामचेत गदगद
उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले के रहने वाले चर्चित मोची रामचेत दिल्ली में गांधी परिवार से भेंट करके बहुत खुश हैं। पेशे से मोची रामचेत ने सुलतानपुर लौटने के बाद बताया,‘‘मैं राहुल गांधी से मिलने के लिए चार महीने से समय मांग रहा था। उन्होंने मिलने के लिए मुझे 13 फरवरी का समय दिया। मैं कुछ लोगों के साथ 12 फरवरी को सुलतानपुर से दिल्ली के लिए रवाना हुआ। राहुल जी ने हम सभी लोगों के ठहरने और खाने आदि की व्यवस्था होटल में कर रखी थी।''
दिल्ली के सीएम शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे चंद्रबाबू नायडू
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू बृहस्पतिवार को होने वाले दिल्ली के नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए बुधवार को नई दिल्ली के लिए रवाना हुए। शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के अलावा मुख्यमंत्री के कई केंद्रीय मंत्रियों से भी मुलाकात करने की संभावना है।
Cancer Vaccine: भारत में जल्द आ रही कैंसर वैक्सीन, सरकार ने दिया बड़ा अपडेट
कैंसर एक ऐसी बीमारी है, जो दुनियाभर में तेजी से बढ़ रही है। खासकर महिलाओं में यह बीमारी अधिक देखी जा रही है। इस बीमारी के कारण लाखों लोग अपनी जान गंवा रहे हैं, लेकिन हाल ही में इस समस्या से निपटने के लिए केंद्र सरकार ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने घोषणा की है कि महिलाओं में होने वाले कैंसर से बचाव के लिए एक वैक्सीन अगले पांच से छह महीनों में उपलब्ध हो जाएगी। यह वैक्सीनेशन खासकर 9 से 16 साल की लड़कियों के लिए किया जाएगा। महिलाओं में होने वाले कैंसर के लिए एक वैक्सीन पांच से छह महीनों में उपलब्ध होगी।
Cyclonic Storm: 20, 23, 24 फरवरी को 13 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहे चक्रवाती तूफान के प्रभाव से देश के कई राज्यों में मौसम का रुख बदलने वाला है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, इस तूफान के कारण पूर्वोत्तर भारत समेत 13 राज्यों में भारी बारिश की संभावना है। अगले सात दिनों तक देश के कई हिस्सों में तेज हवाओं, गरज-चमक और बर्फबारी का सिलसिला जारी रह सकता है।