PM मोदी मेरठ में रैली को संबोधित कर चुनावी अभियान की करेंगे शुरुआत, मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में पढ़ें देश की बड़ी खबरें

punjabkesari.in Sunday, Mar 31, 2024 - 05:30 AM (IST)

नेशनल डेस्कः प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी लोकसभा चुनाव का कार्यक्रम घोषित होने के बाद उत्तर प्रदेश के मेरठ में रविवार को एक रैली संबोधित कर राज्‍य में चुनावी अभियान की शुरुआत करेंगे। इस रैली में मेरठ के अलावा बागपत, बिजनौर, मुजफ्फरनगर और कैराना लोकसभा क्षेत्रों के लोग भी शामिल होंगे।

ग्रेटर नोएडा: पानी का बकाया बिल जमा कराने की अंतिम तिथि आज, इसके बाद कनेक्शन कटेगा 
ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण क्षेत्र के निवासियों के लिए ‘एकमुश्त समाधान योजना' के तहत पानी का बकाया बिल जमा कराने की अंतिम तिथि 31 मार्च है। इसके बाद कनेक्शन काटने की कार्रवाई शुरू होगी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार पांच हजार से अधिक बकायेदारों पर 34 करोड़ रुपये का बिल बकाया है। 

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शिवराज पाटिल की पुत्रवधू अर्चना पाटिल ने थामा बीजेपी का हाथ 
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री शिवराज पाटिल की पुत्रवधू अर्चना पाटिल शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गईं। वह उप मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस और भाजपा की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष चंद्रकांत बावनकुले की मौजूदगी में सत्तारूढ़ दल में शामिल हुईं। 

राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर किया कटाक्ष, बोले- लोगों से सरकार चुनने का विकल्प छीना जा रहा
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर लोकतंत्र का ‘‘गला घोंटने'' का आरोप लगाया और कहा कि ऐसा लगता है कि देश में सरकार नहीं, कोई ‘‘आपराधिक गिरोह'' चलाया जा रहा हो। राहुल ने केंद्र सरकार पर यह प्रहार दिल्ली में रविवार को होने वाली विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया' की रैली से एक दिन पहले किया, जिसे कांग्रेस ने ‘‘लोकतंत्र बचाओ रैली'' करार दिया है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में आरोप लगाया, ‘‘नरेन्द्र मोदी लोकतंत्र का गला दबाकर जनता से अपनी पसंद की सरकार चुनने का विकल्प छीन लेना चाहते हैं।''

संविधान और लोकतंत्र बचाने का यह आखिरी मौका : गोपाल राय 
आम आदमी पार्टी के आह्वान पर 31 मार्च को ‘इंडिया' गठबंधन तानाशाही के खिलाफ और देश का लोकतंत्र-संविधान बचाने के लिए जनता के साथ मिलकर अपनी आवाज बुलंद करेगा।        आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने आज रामलीला मैदान जाकर तैयारियों का जायजा लेने के बाद बताया कि रविवार होने वाली रैली में कांग्रेस से मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन, एनसीपी से शरद पवार, शिवसेना से उद्धव ठाकरे, सपा से अखिलेश यादव, आरजेडी से तेजस्वी यादव और वाम दलों के नेताओं समेत कई अन्य नेता शामिल होंगे। 

हेमंत सोरेन की पत्नी ने दिल्ली में सुनीता केजरीवाल से मुलाकात की
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन ने जेल में बंद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल से शनिवार को यहां मुलाकात की। इस दौरान दोनों ने मिलकर अपनी लड़ाई आगे जारी रखने का संकल्प लिया। अधिकारियों ने बताया कि कल्पना सोरेन ने 6 फ्लैगस्टाफ रोड स्थित दिल्ली के मुख्यमंत्री के आधिकारिक निवास पर जाकर सुनीता केजरीवाल से मुलाकात की। दोनों की मुलाकात करीब 15 से 20 मिनट तक चली। 

कश्मीर के कुछ हिस्सों में बर्फबारी
जम्मू-कश्मीर में गुलमर्ग और पहलगाम के ऊंचाई वाले कई इलाकों में बर्फबारी जबकि मैदानी इलाकों में बारिश हुई। उत्तर कश्मीर के बारामूला जिले के लोकप्रिय स्की रिजॉर्ट गुलमर्ग सहित कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में रात के समय हिमपात हुआ। दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के पर्यटन स्थल पहलगाम में लगभग तीन इंच तक बर्फबारी दर्ज की गई।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Recommended News

Related News