राहुल पर बरसे राजनाथ, कहा- उनके दिमाग पर आता है तरस

punjabkesari.in Sunday, Dec 03, 2017 - 04:43 PM (IST)

नेशनल डेस्क: गुजरात चुनाव के नजदीक आते ही भाजपा के दिग्गजों ने मोर्चा संभाल लिया है। जहां एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात में तीन रैलियों को संबोधित करेंगे वहीं दूसरी तरफ गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने आज एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी कहते हैं कि ‘विकास’ पागल हो गया है, मुझे उनके दिमाग पर तरस आता है। उन्होंने कहा कि विकास कभी धीमा हो सकता है, कभी तेज हो सकता है, कभी रुक सकता है पर ‘विकास’ पागल भी कभी होता है क्या? 

आतंकवादी का नहीं होता कोई मजहब
गृहमंत्री ने कहा कि ‘विकास’ भाजपा के हिसाब से डिवेलपमेंट है लेकिन कांग्रेस के हिसाब से व्यक्ति-विशेष है तभी उनके मुताबिक वह पागल हो गया है। उन्होंने कहा कि क्या हम कह सकते हैं कि यह माइक पागल हो गया है या फिर यह बिजली का पोल पागल हो गया है? राजनाथ सिंह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि आतंकवादी, आतंकवादी होता है, ना हिंदू होता है ना मुसलमान होता है, ना ईसाई होता है, उसका कोई मजहब नहीं होता लेकिन केवल वोट के चक्कर में जात-पात, मजहब के आधार पर बांट कर ये सरकार बनाना चाहते हैं।

कांग्रेस ने ‘विकास’ को बताया था पागल
दरअसल गुजरात में चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस ‘विकास गांडो थायो छे’ यानी ‘विकास पागल हो गया है’ के नारे से भाजपा सरकार को घेरने का कैंपेन शुरू किया है। इसके बाद जब पीएम मोदी गुजरात गए तो उन्होंने अपने भाषणों में ‘मैं गुजरात हूं, मैं विकास हूं’ नारे का इस्तेमाल किया। गुजरात में पीएम कई साल तक मुख्यमंत्री पद पर रह चुके हैं और वह देश ही नहीं बल्कि दुनिया में विकास के गुजरात मॉडल का जिक्र करते आए हैं। यही वजह थी कि कांग्रेस ने गुजरात में भाजपा पर निशाना साधने के लिए विकास को पागल बताया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News