राजनाथ ने DMK को घेरा, खड़े किए सवाल, बोले - आपने भ्रष्टाचार के अलावा राज्य के लिए किया क्या है

punjabkesari.in Tuesday, Apr 16, 2024 - 08:36 PM (IST)

नेशनल डेस्क : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह ने मंगलवार को तमिलनाडु में सत्तारूढ़ द्रमुक से पूछा कि उसने ‘परिवार का शासन देने और भ्रष्टाचार' के अलावा राज्य के लिए क्या किया है। रक्षा मंत्री सिंह ने आरोप लगाया कि द्रमुक भ्रष्टाचार मुक्त और विकासोन्मुखी सरकार देने में सक्षम नहीं है और उसका तथा सहयोगी दल कांग्रेस का एकमात्र उद्देश्य केंद्र की सत्ता पर काबिज होना है। उन्होंने यहां भाजपा उम्मीदवार सी नरसिम्हन के समर्थन में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘मैं द्रमुक से पूछना चाहता हूं कि आपने तमिलनाडु को क्या दिया है? उसने परिवार का शासन और भ्रष्टाचार दिया है। भाजपा कहती है कि राष्ट्र प्रथम, वहीं द्रमुक कहती है परिवार प्रथम।''

PunjabKesari

'इंडिया' गठबंधन लंबे समय तक नहीं चल सकता
राजनाथ सिंह ने कहा कि दूसरी तरफ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समाज कल्याण या राजनीति में शुचिता के मुद्दे पर सी राजगोपालाचारी, के कामराज और एम जी रामचंद्रन जैसे दिग्गज नेताओं से प्रेरित हैं और कमजोर वर्गों के सशक्तीकरण के लिए उनके बताए रास्तों पर बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘जे जयललिता ने भी गरीबों के लिए काम किया था और जनता की सेवा की। मेरे मन में हमेशा उनके प्रति सम्मान रहा है।'' सिंह ने कहा कि विपक्षी ‘इंडिया' गठबंधन लंबे समय तक नहीं चल सकता, क्योंकि उसके घटक दलों ने चुनाव से पहले ही लड़ना शुरू कर दिया और उनका एकमात्र उद्देश्य सत्ता पर काबिज होना है। उन्होंने कहा, ‘‘मैं पूछना चाहता हूं कि क्या द्रमुक या कांग्रेस तमिलनाडु का विकास कर सकते हैं? क्या द्रमुक इस परिवार के परे सोच भी सकता है। क्या यह गठबंधन राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत कर पाएगा या चुनाव के बाद एकजुट रह पाएगा। सारे सवालों का जवाब है ‘इल्लई' (तमिल भाषा में नहीं)।''

PunjabKesari

द्रमुक देश को उत्तर और दक्षिण में बांटने की कोशिश कर रहा
सिंह ने यह भी पूछा कि द्रमुक इतने साल से राज्य की सत्ता में है, फिर भी क्या भ्रष्टाचार कम हुआ। उन्होंने दावा किया कि द्रमुक और उसके सहयोगी दलों ने संसद में महिला आरक्षण विधेयक का विरोध किया था। उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए तमिलनाडु में महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं। यहां नारी शक्ति को 19 अप्रैल को द्रमुक की महिला विरोधी मानसिकता के खिलाफ वोट देकर उसे सजा देनी है।''

PunjabKesari

केंद्रीय मंत्री ने बाद में तिरुवन्नामलाई में पार्टी प्रत्याशी अश्वथमन के समर्थन में आयोजित रोडशो में कांग्रेस और द्रमुक पर देश को उत्तर और दक्षिण में बांटने की कोशिश करने का आरोप लगाया। रक्षा मंत्री ने कहा कि इन दलों के विपरीत भाजपा देश के सभी हिस्सों को सांस्कृतिक और राजनीतिक रूप से एक मानती है। उन्होंने कहा, ‘‘कोई भी मोदी के नेतृत्व में दुनिया की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होने की दिशा में भारत की प्रगति को नहीं रोक सकता।'' 

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Utsav Singh

Recommended News

Related News