Strom/ Rain Alert: मौसम का बड़ा उलटफेर: 3000 KM लंबा सिस्टम एक्टिव, 12 राज्यों में लू का कहर और कई जगह तूफानी बारिश का अलर्ट

punjabkesari.in Thursday, May 14, 2026 - 11:06 AM (IST)

Strom/ Rain Alert: भारत के मौसम में अगले कुछ दिनों तक बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार देश के कई राज्यों में भीषण गर्मी और लू का असर रहेगा, तो कहीं तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। वहीं दक्षिण-पश्चिम मानसून भी आगे बढ़ने की तैयारी में है। मौसम विभाग ने बताया कि उत्तरी पाकिस्तान और उससे जुड़े जम्मू क्षेत्र, दक्षिणी हरियाणा और उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड के आसपास साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय है। इसके अलावा 15 मई से उत्तर-पश्चिम भारत में नया पश्चिमी विक्षोभ पहुंच सकता है, जिससे मौसम में तेजी से बदलाव आएगा।

वही मौसम विभाग के अनुसार, केरल से लेकर अरुणाचल प्रदेश तक करीब 3000 किलोमीटर लंबा एक विशाल मौसमी सिस्टम सक्रिय हो सकता है, जो कभी भी समुद्री तूफान और तेज मौसम बदलाव का कारण बन सकता है। आईए जानते है आने वाले दिनों में कैसा रहेगा देशभर में मौसम का हाल.... 

मानसून की बढ़त और मौसम का असर
IMD के मुताबिक 16 मई तक दक्षिण-पश्चिम मानसून दक्षिण बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ सकता है। इसका असर आने वाले दिनों में देश के कई हिस्सों में देखने को मिलेगा।   

उत्तर भारत में गर्मी और बारिश दोनों का असर
दिल्ली सहित उत्तर भारत में पिछले कुछ दिनों से बीच-बीच में बारिश और तेज हवाओं से गर्मी से थोड़ी राहत मिल रही है, लेकिन तापमान लगातार बढ़ रहा है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। अगले कुछ दिनों में तापमान 3 से 5 डिग्री तक और बढ़ सकता है। आज और कल राजधानी में हल्के बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

इन 12 से अधिक राज्यों में चलेगी भीषण लू-
मौसम विभाग ने कई राज्यों में हीटवेव और गंभीर लू की चेतावनी जारी की है।
-पश्चिमी राजस्थान में 14 से 19 मई तक भीषण लू चल सकती है।
-पश्चिमी मध्य प्रदेश में 14 से 17 मई तक गर्म हवाएं परेशान करेंगी।
-उत्तर प्रदेश में 16 से 19 मई तक लू का असर बढ़ सकता है।
-पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 17 से 19 मई तक गर्मी तेज रहेगी।
-विदर्भ, मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में भी गर्म हवाओं का असर देखने को मिलेगा।
-इसके अलावा राजस्थान, कोंकण-गोवा और महाराष्ट्र के कई हिस्सों में उमस भरी गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है।

पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 15 और 16 मई को हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। इन क्षेत्रों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

यूपी में तूफान ने मचाई तबाही
उत्तर प्रदेश में हाल ही में आए आंधी-तूफान और बारिश ने भारी नुकसान पहुंचाया। अलग-अलग हादसों में करीब 54 लोगों की मौत हो गई। कई जिलों में पेड़ गिरने, बिजली व्यवस्था ठप होने और मकानों को नुकसान पहुंचने की खबरें सामने आई हैं।

पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का अलर्ट
पूर्वोत्तर राज्यों में 14 से 19 मई के बीच मौसम खराब बना रह सकता है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

पूर्व और मध्य भारत में आंधी-बारिश की चेतावनी
बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। कुछ जगहों पर हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मध्य प्रदेश और विदर्भ में 17 मई को गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

दक्षिण भारत में भारी बारिश और ओलावृष्टि की संभावना
तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और लक्षद्वीप में अगले कुछ दिनों तक तेज बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाओं का खतरा बना रहेगा। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी हो सकती है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News