Heavy Rain Alert: अगले 24 से 48 घंटों में इन 8 राज्यों में होगी झमाझम बारिश, पड़ेगी कड़ाके की ठंड, IMD ने किया अलर्ट

punjabkesari.in Friday, Jan 30, 2026 - 08:41 PM (IST)

नेशनल डेस्कः देश के कई हिस्सों में मौसम ने करवट ली है। सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते उत्तर भारत के 8 राज्यों में झमाझम बारिश और पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 से 48 घंटों में जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में तेज बारिश और बर्फबारी की संभावना है। वहीं मैदानी क्षेत्रों में 30-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी, जिससे ठिठुरन और बढ़ सकती है। 

दिल्ली-NCR में बादलों का दौर जारी

राजधानी दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में ठंड का असर लगातार बना रहेगा। अगले तीन दिनों तक दिल्ली में बादलों के छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक 31 जनवरी की रात को गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है।

राजस्थान में मौसम का सबसे ज्यादा असर देखा जा सकता है। यहां शनिवार को बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है। साथ ही तेज हवाएं 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक चल सकती हैं, जिससे फसलों को नुकसान का खतरा है। दिल्ली में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जिससे रात की सर्दी और बढ़ जाएगी।

उत्तर प्रदेश और बिहार में कोहरे का असर

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश के बाद अब घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। पश्चिमी यूपी में 1 और 2 फरवरी को हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जिससे शीतलहर का असर बना रहेगा। बिहार में अगले तीन दिनों तक मौसम सामान्य रहने का अनुमान है। लेकिन सुबह और शाम के समय घना कोहरा लोगों के लिए मुश्किलें बढ़ा सकता है। पटना और रांची जैसे शहरों में न्यूनतम तापमान 10 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। मध्य प्रदेश और अरुणाचल प्रदेश में भी अगले दो दिनों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।

बर्फबारी से जनजीवन प्रभावित

उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी का सिलसिला 3 फरवरी तक जारी रह सकता है। ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान शून्य से नीचे गिर गया है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

हालांकि पर्यटक बर्फबारी का आनंद लेने के लिए पहाड़ी क्षेत्रों की ओर रुख कर रहे हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि बर्फबारी के बाद मैदानी इलाकों में ठंडी हवाएं चलेंगी, जिससे आने वाले हफ्ते में ठंड से राहत मिलने की संभावना कम है। शिमला और नैनीताल जैसे हिल स्टेशनों पर न्यूनतम तापमान लगभग 6 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sahil Kumar

Related News