Rain Alert: IMD की नई चेतावनी, 19, 20 और 21 अक्टूबर को यहाँ होगी बारिश! जानिए आपके राज्य का मौसम
punjabkesari.in Saturday, Oct 18, 2025 - 05:37 PM (IST)

नेशनल डेस्क : दीपावली के त्योहार के अवसर पर इस बार देशभर में मौसम का मिजाज अलग-अलग रहने वाला है। IMD ने कई राज्यों के लिए 19, 20 और 21 अक्टूबर को बारिश की चेतावनी जारी की है, जिससे त्योहार का मजा किरकिरा हो सकता है। देश के ज्यादातर हिस्सों से मॉनसून की विदाई हो चुकी है, लेकिन बंगाल की खाड़ी में बने मौसमी सिस्टम के कारण कुछ हिस्सों में अभी भी बारिश की आशंका है।
दिवाली पर इन राज्यों में बारिश का अलर्ट
IMD के पूर्वानुमान के अनुसार दिवाली (20-22 अक्टूबर) के दौरान कई दक्षिणी राज्यों और तटीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। दिवाली और गुजराती नववर्ष के दौरान दक्षिण गुजरात के डांग, नवसारी और वलसाड जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। गुजरात के बाकी हिस्सों में मौसम आमतौर पर शुष्क रहेगा। IMD ने 19, 20 और 21 अक्टूबर के लिए केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कर्नाटक, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, ओडिशा, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में भी बारिश की चेतावनी जारी की है। बारिश की इस संभावना से इन राज्यों में दिवाली मनाने वाले लोगों को कुछ परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
ये भी पढ़ें- Maruti Fronx Discount: जल्दी से घर ले आएँ ये शानदार SUV, कंपनी दे रही है इतने लाख का डिस्काउंट
उत्तर भारत का मौसम:
यूपी में 18 से 20 अक्टूबर तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे रातें ठंडी हो जाएंगी और ठंड का असर बढ़ेगा। कुछ इक्का-दुक्का जगहों पर हल्की गरज के साथ बारिश हो सकती है।
दिल्ली-एनसीआर में मौसम
दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) के लोगों के लिए अच्छी खबर है। मौसम विभाग के अनुसार दिवाली के दौरान दिल्ली-एनसीआर का मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा। पिछले 24 घंटों में यहाँ अधिकतम तापमान 30-32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17-18 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है। साफ मौसम के कारण यहाँ त्योहार का उत्साह बना रहेगा।