प्रचंड गर्मी के बीच दिल्ली में बारिश का अलर्ट, दो दिन तक छाए रहेंगे बादल, जानें अपने राज्य का हाल

punjabkesari.in Thursday, Apr 10, 2025 - 12:40 PM (IST)

नेशनल डेस्क। देश के कई राज्यों विशेषकर दिल्ली, उत्तर भारत और आसपास के क्षेत्रों में लू और अत्यधिक गर्मी का असर जारी था लेकिन अब 10 अप्रैल 2025 से सूरज की तपिश में थोड़ी राहत मिल सकती है क्योंकि आंधी और बारिश का मौसम आ सकता है। दरअसल उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो चुका है जिसके कारण मौसम में बदलाव की संभावना बन रही है। इसके साथ ही पाकिस्तान और उत्तरी पंजाब के कुछ हिस्सों में एक चक्रवाती परिसंचरण भी बन रहा है जो भारत की तरफ बढ़ रहा है। इस प्रणाली के कारण एक पूर्व-पश्चिम ट्रफ रेखा भी सक्रिय होगी जो 10 से 12 अप्रैल के बीच दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में प्रभावी रहेगी।

दिल्ली में प्री-मॉनसून बारिश की संभावना

मौसम विभाग के मुताबिक गुजरात और दक्षिण राजस्थान से आ रही दक्षिण-पश्चिमी हवाएं नमी लेकर आ सकती हैं जिससे दिल्ली और एनसीआर में प्री-मॉनसून गतिविधियाँ शुरू हो सकती हैं। मौसम विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। अगले कुछ दिनों में तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है।

 

यह भी पढ़ें: शादीशुदा महिला के प्रेमी का दावा- मैंने उसे मिलने बुलाया और... उड़ गए पुलिस के होश

 

इन राज्यों में हो सकती है बारिश

इसके अलावा गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, पूर्वोत्तर भारत, उत्तर बिहार, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।

आंधी और गरज-चमक की संभावना

पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और पश्चिम उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में धूल भरी आंधी और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। वहीं पश्चिम राजस्थान, पूर्वी राजस्थान, सौराष्ट्र-कच्छ, पंजाब, हरियाणा, पश्चिम उत्तर प्रदेश, विदर्भ, मध्य प्रदेश और गुजरात क्षेत्रों में लू की स्थिति बनी रह सकती है। इसके अलावा पश्चिम मध्य प्रदेश, राजस्थान, मराठवाड़ा और मध्य महाराष्ट्र में कहीं-कहीं गर्म रातें भी हो सकती हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi

Related News