रेलवे की बड़ी पहल, अग्निवीरों के लिए खुले रोजगार के नए रास्ते, जानिए कैसे मिलेगी जॉब
punjabkesari.in Friday, Feb 27, 2026 - 08:02 PM (IST)
नेशनल डेस्क : देश के उन युवाओं के लिए बड़ी राहत की खबर है जिन्होंने सेना में चार साल की सेवा दी है। अब वर्दी उतारने के बाद रोजगार की चिंता कुछ कम हो सकती है। भारतीय रेलवे ने पूर्व अग्निवीरों और पूर्व सैनिकों को अपने यहां अवसर देने के लिए नई व्यवस्था लागू करने की घोषणा की है। यह पहल सेना और रेलवे के संयुक्त सहयोग से तैयार की गई है, ताकि सेवा समाप्ति के बाद युवाओं को स्थायी करियर का रास्ता मिल सके।
सेना से रेलवे तक: करियर का नया रास्ता
भारतीय रेलवे और भारतीय सेना के बीच बने इस समन्वय ढांचे के तहत पूर्व अग्निवीरों को सरकारी नौकरियों में आरक्षण का लाभ दिया जाएगा। अग्निपथ योजना के तहत भर्ती हुआ पहला बैच इस वर्ष अपना चार साल का कार्यकाल पूरा कर रहा है। ऐसे में यह फैसला उनके भविष्य को लेकर उठ रहे सवालों के बीच एक अहम कदम माना जा रहा है। इससे पहले केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल और दिल्ली पुलिस में भी अग्निवीरों के लिए आरक्षण की घोषणा हो चुकी है। अब रेलवे में भी अवसर खुलने से सरकारी सेवा में शामिल होने का दायरा और व्यापक हो गया है।
किन पदों पर मिलेगा लाभ?
रेलवे ने स्पष्ट किया है कि भर्ती प्रक्रिया में पूर्व सैनिकों और पूर्व अग्निवीरों को लेवल-1, लेवल-2 और उससे ऊपर की श्रेणियों में आरक्षण दिया जाएगा। चयन प्रक्रिया प्रतियोगी परीक्षा के माध्यम से होगी, जिसे Railway Recruitment Board और रेलवे भर्ती केंद्र आयोजित करते हैं।
लेवल-1 (ग्रुप डी के समकक्ष पद):
पूर्व सैनिकों के लिए 20% आरक्षण
पूर्व अग्निवीरों के लिए 10% आरक्षण
लेवल-2 और उससे ऊपर:
पूर्व सैनिकों के लिए 10% आरक्षण
पूर्व अग्निवीरों के लिए 5% आरक्षण
इस व्यवस्था से बड़ी संख्या में युवाओं को रेलवे सेवा में शामिल होने का अवसर मिल सकेगा।
हजारों पद पहले से आरक्षित
रेल मंत्रालय के मुताबिक, हालिया भर्ती चक्र में पूर्व सैनिकों के लिए 14,788 पद पहले ही सुरक्षित रखे गए थे। इनमें 6,485 पद लेवल-1 के और 8,303 पद लेवल-2 व उससे ऊपर की श्रेणी के थे। अब इसी ढांचे में अग्निवीरों को भी शामिल किया जा रहा है, जिससे उनकी सेवा का अनुभव सीधे सरकारी नौकरी में काम आएगा।
पॉइंट्समैन पदों पर जल्द नियुक्ति
रेलवे 5,000 से अधिक पूर्व सैनिकों को जल्द जोड़ने की तैयारी में है। नियमित चयन प्रक्रिया पूरी होने तक उन्हें संविदा आधार पर पॉइंट्समैन के रूप में तैनात किया जाएगा। फिलहाल देशभर के विभिन्न जोन और मंडलों में 5,000 से ज्यादा लेवल-1 पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। कई मंडलों ने सेना से जुड़े संगठनों के साथ समझौते भी कर लिए हैं, जिससे प्रक्रिया को तेजी मिलने की उम्मीद है।
