रेलवे का नया नियम: रिटायर कर्मचारियों को फिर मिलेगा मौका, जानें पूरी प्रक्रिया
punjabkesari.in Saturday, Jun 21, 2025 - 05:32 PM (IST)

नेशनल डेस्क: रेलवे विभाग ने एक बड़ा फैसला लेते हुए अपने रिटायर हो चुके कर्मचारियों को दोबारा सेवा में लेने का रास्ता खोल दिया है। अब रेलवे के नॉन-गजेटेड पदों पर काम के लिए सेवानिवृत्त कर्मचारी कॉन्ट्रैक्ट आधार पर फिर से नियुक्त किए जा सकेंगे।
अब पुराने पद तक सीमित नहीं रहना होगा
अब तक नियम यह था कि रिटायर्ड कर्मचारी सिर्फ उसी पद पर फिर से नियुक्त हो सकता था, जिस पद से वह रिटायर हुआ था। लेकिन नए नियमों के तहत यह बाध्यता हटा दी गई है। अब रिटायर्ड कर्मचारी अपने पद से तीन वेतन स्तर नीचे तक के पदों के लिए भी आवेदन कर सकते हैं।
उदाहरण से समझें नया नियम
मान लीजिए कोई कर्मचारी Pay Level-6 से रिटायर हुआ है, तो वह अब Level-6, 5, 4 और 3 तक के किसी भी पद पर काम के लिए पात्र होगा। पहले उसी लेवल से रिटायर्ड लोगों को प्राथमिकता दी जाएगी। यदि उस लेवल के रिटायर्ड कर्मचारी उपलब्ध न हों, तो उच्च स्तर से रिटायर हुए कर्मचारी को मौका मिलेगा।
भर्ती प्रक्रिया में भी हुआ बदलाव
➤ डिवीजनल स्तर पर रिटायर्ड स्टाफ की भर्ती का अधिकार अब DRM को दिया गया है।
➤ रेलवे मुख्यालय पर भर्ती का निर्णय अब भी जनरल मैनेजर ही लेंगे।
➤ पूरे ज़ोन में कितने रिटायर्ड कर्मियों की नियुक्ति होनी है, इसका निर्धारण GM स्तर पर ही होगा।
क्या हैं जरूरी शर्तें?
➤ नियुक्ति केवल आवश्यकता पड़ने पर की जाएगी।
➤ रिटायर्ड कर्मचारी की पात्रता और रिकॉर्ड की जांच के बाद ही नियुक्ति होगी।
➤ यह व्यवस्था रेलवे बोर्ड की मंजूरी और वित्त विभाग की सहमति से लागू की गई है।
➤ नया नियम जारी आदेश की तारीख से प्रभावी माना जाएगा।
रेलवे को क्या होगा लाभ?
इस निर्णय से रेलवे को अनुभवी स्टाफ की मदद से कार्य संचालन में मजबूती मिलेगी। साथ ही, स्टाफ की कमी से निपटने में भी यह एक महत्वपूर्ण कदम होगा। वहीं, रिटायर हो चुके कर्मचारियों को एक नई शुरुआत का मौका मिलेगा।