उन्नाव-कठुआ रेप कांड: राहुल का आधी रात को इंडिया गेट पर कैंडल मार्च, कई कांग्रेसी नेता शामिल

punjabkesari.in Friday, Apr 13, 2018 - 05:36 AM (IST)

नेशनल डेस्कः उन्नाव और कठुआ गैंगरेप केस को लेकर देश में हंगामा मचा हुआ है। इसके विरोध में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने रात 12 बजे इंडिया गेट पर कैंडल मार्च किया। दिल्ली के इंडिया गेट पर कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने कैंडल मार्च में शिरकत की। इसमें प्रियंका गांधी, रॉबर्ट वाड्रा, पार्टी महासचिव अशोक गहलोत, राज्यसभा सांसद अहमद पटेल, गुलामनवी आजाद, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष अजय माकन, आरपीएन सिंह आदि नेताओं ने शिरकत की।
 PunjabKesari 

उन्नाव, कठुआ गैंगरेप की घटना के खिलाफ महिला कांग्रेस ने गुरुवार को लखनऊ में विरोध प्रदर्शन किया और कांग्रेस 17 अप्रैल को देश भर में प्रदर्शन करने का ऐलान किया है।

बता दें कि उत्तर प्रदेश के उन्नाव में एक लड़की ने बांगरमऊ से बीजेपी विधायक कुलदीप सिंह सेंगर पर बलात्कार और उसके पिता को जेल में मरवाने का आरोप लगाया है। इस संबंध में विधायक की अभी तक गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। उत्तर प्रदेश सरकार ने गुरुवार को हाईकोर्ट में कहा कि विधायक के खिलाफ कोई सबूत नहीं है। इसलिए उनकी गिरफ्तारी नहीं हुई है। इसको लेकर कांग्रेस लगातार मोदी सरकार पर हमला बोल रही है।

छह लोगों ने आठ साल की बच्ची से किया गैंगरेप
जम्मू कश्मीर के कठुआ जिले में आठ साल की मासूम बच्ची से रेप और हत्या की घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस बच्ची को जनवरी में एक हफ्ते तक कठुआ जिले के एक मंदिर में बंधक बनाकर रखा गया था और उससे छह लोगों ने बलात्कार किया। इस मामले को लेकर आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर जम्मू-कश्मीर में जगह-जगह विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Yaspal

Recommended News

Related News