12 फरवरी को राजस्थान जाएंगे राहुल गांधी, कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन में होंगे शामिल

punjabkesari.in Saturday, Feb 06, 2021 - 10:07 PM (IST)

नेशनल डेस्कः कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी तीन नए कृषि कानूनों के खिलाफ और प्रदर्शनकारी किसानों के समर्थन में आवाज उठाने के लिए अगले सप्ताह 12 और 13 फरवरी को राजस्थान का दौरा करेंगे। पार्टी महासचिव और राजस्थान प्रभारी अजय माकन ने यह जानकारी दी। उन्होंने ट्वीट किया, ‘किसानों के हितों की लड़ाई लड़ने, किसानों की आवाज बुलंद कर, केंद्र सरकार द्वारा तीनों काले कानूनों को वापस लेने हेतु संघर्ष के लिए राहुल गांधी 12 एवं 13 फरवरी को राजस्थान के दौरे पर होंगे।’

राहुल गांधी कृषि कानूनों के खिलाफ कुछ महीने पहले पंजाब और हरियाणा भी गए थे जहां उन्होंने ट्रैक्टर रैली निकाली थी और कई सभाएं भी संबोधित की थीं। वहीं, शनिवार को राहुल गांधी ने किसान संगठनों की ओर से आहूत ‘चक्का जाम’ का समर्थन करते हुए कहा कि अन्नदाताओं का सत्याग्रह देश हित में है और तीनों कृषि कानून राष्ट्र के लिए घातक हैं।

किसानों के समर्थन में राहुल गांधी का ट्वीट
उन्होंने ट्वीट किया, ‘अन्नदाता का शांतिपूर्ण सत्याग्रह देशहित में है- ये तीन क़ानून सिर्फ़ किसान-मज़दूर के लिए ही नहीं, जनता व देश के लिए भी घातक हैं। पूर्ण समर्थन!’ किसान संगठनों ने शनिवार को ‘चक्का जाम’ किया। किसान नेताओं ने सोमवार को कहा था कि वे छह फरवरी की दोपहर 12 बजे से अपराह्र तीन बजे तक सड़कों को अवरुद्ध करेंगे। किसानों के तीन घंटे के ‘चक्का जाम’ के आह्वान पर शनिवार को पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में कई प्रमुख सड़कों को प्रदर्शनकारी किसानों ने अवरूद्ध कर दिया। वहीं, अन्य राज्यों में भी छिटपुट प्रदर्शन हुए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Recommended News

Related News