भाजपा सरकार में महिला विरोधी अपराध बेकाबू...ओडिशा कांड को लेकर राहुल गांधी ने BJP पर साधा निशाना

punjabkesari.in Friday, Sep 20, 2024 - 11:52 PM (IST)

नेशनल डेस्कः लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने ओडिशा के एक थाने में एक सैन्य अधिकारी पर कथित हमले और उसकी मंगेतर के साथ ‘‘यौन दुर्व्यवहार'' की घटना को लेकर शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधा और दावा किया कि भाजपा सरकार में महिलाओं के विरुद्ध अपराध पूरी तरह बेकाबू है। ओडिशा पुलिस ने बुधवार को भुवनेश्वर के भरतपुर पुलिस थाने में एक सैन्य अधिकारी पर कथित हमले और उसकी मंगेतर के साथ ‘‘यौन दुर्व्यवहार'' करने के आरोप में पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया था। 

राहुल गांधी ने ‘एक्स' पर पोस्ट किया, ‘‘ओडिशा में घटित भयावह घटना ने देश की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस से मदद मांगने गए एक सैन्य अधिकारी को बेरहमी से पीटा गया और उनकी मंगेतर को हिरासत में उत्पीड़ित किया गया। यह घृणित घटना पूरी मानवता को शर्मसार करने वाली है।'' उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में महिलाओं के विरुद्ध अपराध पूरी तरह से बेकाबू और निरंकुश हो चुका है। कांग्रेस के अध्यक्ष रह चुके राहुल ने सवाल किया कि जब सरकारी तंत्र के ही भीतर अन्याय पनपता और शरण पाता है, तो आम नागरिक सहायता की आस किससे लगाए। उन्होंने कहा, ‘‘इस घटना के सभी दोषी सख्त से सख्त कानूनी सजा के पात्र हैं। उनके खिलाफ़ कड़ी कार्रवाई कर आज भारत की जनता, खास कर महिलाओं के समक्ष न्याय और सुरक्षा की मिसाल पेश करने की दरकार है।'' 

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने ओडिशा की घटना को लेकर ‘एक्स' पोस्ट किया, ‘‘ओडिशा में पुलिस से मदद मांगने गए सेना के ऑफिसर की मंगेतर के साथ पुलिस ने जिस तरह बर्बरता और यौन हिंसा की, उससे पूरा देश स्तब्ध है।'' उन्होंने कहा, ‘‘अयोध्या में सामूहिक दुष्कर्म पीड़ित दलित लड़की के साथ पुलिस ने अन्यायपूर्ण बर्ताव किया और न्याय दिलाने की जगह उस पर ही दबाव बनाया, क्योंकि खबरों के अनुसार आरोपी भाजपा से जुड़े हैं।'' उन्होंने दावा किया कि देश भर में भाजपा की सरकारें पुलिस को रक्षक से भक्षक बना देने की नीति पर काम कर रही हैं भाजपा सरकारों में महिला अपराधों के प्रति पुलिस का आपराधिक रवैया दरअसल सत्ताधारियों का संरक्षण पाकर फलता-फूलता है। 

प्रियंका गांधी ने सवाल किया कि ऐसे हालात में देश की महिलाएं सुरक्षा और न्याय के लिए क्या करें, कहां जाएं? उधर, राहुल गांधी ने फेसबुक पर एक पोस्ट में जम्मू-कश्मीर के बडगाम में बस दुर्घटना में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के तीन जवानों की मौत पर दुख जताया औेर घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना। जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले में शुक्रवार को चुनाव ड्यूटी के लिए जा रही बीएसएफ की एक बस के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से कम से कम तीन जवानों की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य जवान घायल हो गए। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News