भारत जोड़ो यात्रा के दौरान RSS पर बरसे राहुल गांधी, कहा- सावरकर ने की अंग्रेजों की मदद

punjabkesari.in Saturday, Oct 08, 2022 - 06:59 PM (IST)

नेशनल डेस्कः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा देश विभाजन के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराए जाने संबंधी बयान पर पलटवार करते हुए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि हिंदुत्व के विचारक वी डी सावरकर को अंग्रेजों से वजीफा मिलता था। गांधी ने शनिवार को यहां भारत जोड़ो यात्रा से इतर पत्रकारों से कहा,‘‘मेरी समझ में सावरकर को अंग्रेजों से वजीफा मिलता था और ये ऐतिहासिक तथ्य हैं तथा ये ऐसे तथ्य नहीं हैं जिन्हें भाजपा छिपा सकती है।'' श्री गांधी ने यह टिप्पणी उस समय की , जब उनसे भारत के विभाजन के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराने संबंधी भाजपा के आरोपों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करने के लिए कहा गया।

कांग्रेस नेता ने कहा कि यह दिलचस्प है कि भाजपा की ओर से ऐसी टिप्पणियां आती हैं जो स्वतंत्रता संग्राम में कहीं नहीं रही। उन्होंने कहा , ‘‘जिस पार्टी ने आजादी के लिए लड़ाई लड़ी और आजादी के लिए जन आंदोलन खड़ा किया। वह पार्टी जो संविधान लाने में मदद करती है। वह पार्टी जिसने हरित क्रांति लाई। वह कांग्रेस पार्टी है।'' उन्होंने कहा, ‘‘ दिलचस्प यह भी है कि भाजपा इन टिप्पणियों के साथ सामने आती है, लेकिन यदि आप ऐतिहासिक सत्य को देखें। भाजपा स्वतंत्रता संग्राम में कहीं नहीं थी तथा वह अकेले देश को विभाजित कर रही है और इस देश में नफरत फैला रही है।''

राहुल ने कहा,‘‘मैं आपसे यह भी कहना चाहूंगा कि यह सिफर् मैं ही यात्रा नहीं कर रहा हूं, बल्कि लाखों और लाखों लोग ‘भारत जोड़ो यात्रा' कर रहे हैं। इसलिए, यह केवल कांग्रेस की अभिव्यक्ति नहीं है, बल्कि भारत के लोगों की अभिव्यक्ति है।'' उन्होंने कहा,‘‘ भाजपा जिस तरह की राजनीति कर रही हैं, उससे जनता थक चुकी हैं। वे महंगाई से थक चुके हैं। वे बेरोजगारी से थक चुके हैं और उस अपार संपत्ति से थक चुके हैं जिसका आनंद कुछ लोग लेते हैं।'' उन्होंने कहा कि इन तीन बिंदुओं के आधार पर कांग्रेस चुनाव जीतने जा रही है।

भाजपा के आरोपों पर कि कांग्रेस के नये निर्वाचित अध्यक्ष को गांधी परिवार द्वारा रिमोट से नियंत्रित किया जाएगा, गांधी ने आरोपों का खंडन करते हुए कहा,‘‘इस चुनाव में दोनों लोग जो खड़े हैं (चुनाव में) एक स्थिति और द्दष्टिकोण है और वे हैं कद और समझ के लोग। इसलिए, मुझे नहीं लगता कि उनमें से कोई भी रिमोट कंट्रोल होने वाला है। सच कहूं तो मुझे लगता है कि यह स्वर उन दोनों का अपमान कर रहा है।'' कर्नाटक के मुख्यमंत्री के मुद्दे पर गांधी ने कहा कि यह 2023 कर्नाटक चुनाव जीतने के बाद तय किया जाएगा।

राहुल ने कहा,‘‘कर्नाटक में हमारे पास एक मजबूत टीम है। हमारे पास ऐसे नेता हैं जो तारीफ के काबिल हैं। जो शानदार नेता हैं, और एक बार जब हम चुनाव जीत जाते हैं, तो मुख्यमंत्री कौन बनने जा रहा है, इस पर निर्णय कांग्रेस पार्टी में एक प्रक्रिया के माध्यम से लिया जाएगा।''

भाजपा के इस आरोप पर कि कांग्रेस पॉपुलर फ्रंट ऑफ़ इंडिया (पीएफआई) और उनके संबद्ध संगठनों का समर्थन करती है गांधी ने कहा कि पार्टी किसी से भी लड़ेगी, चाहे वह किसी भी समुदाय से हो जो भारत में नफरत और हिंसा फैलाता है। उन्होंने कहा,‘‘मेरा विचार है और मैं भाषण में कह भी रहा हूं कि इससे कोई फकर् नहीं पड़ता कि भारत में नफरत फैलाने वाला व्यक्ति कौन है। इससे कोई फकर् नहीं पड़ता कि वे किस समुदाय से आते हैं। जो भी भारत में नफरत और हिंसा फैला रहा है और इसमें शामिल है राष्ट्र-विरोधी कृत्य, हम उनसे लड़ेंगे।''


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Related News