राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पहुंचे वायनाड, लैंडस्लाइड वाली जगहों का किया निरीक्षण... अब तक 256 लोगों की मौत

punjabkesari.in Thursday, Aug 01, 2024 - 03:06 PM (IST)

नेशनल डेस्क: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी आज वायनाड के दौरे पर हैं। इस दौरे के दौरान, उन्होंने वायनाड में हाल ही में आए लैंडस्लाइड से प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। कांग्रेस नेता विभिन्न राहत शिविरों का दौरा कर प्रभावितों से मुलाकात की। वायनाड में हुए इस लैंडस्लाइड के कारण चार गांव पूरी तरह से नष्ट हो गए हैं, जिसमें 250 से अधिक लोगों की जान चली गई जबकि सैकड़ों लोग लापता हैं। इस हादसे ने स्थानीय निवासियों की जीवन-यापन को गंभीर रूप से प्रभावित किया है, और राहत व पुनर्वास के प्रयास चल रहे हैं।
PunjabKesari
चूरलमाला पहुंचने के बाद वर्षा एवं कीचड़ के बावजूद नीले रंग का पारदर्शी रेनकोट पहने गांधी और उनकी बहन ने वहां बनाए गए लकड़ी के अस्थाई पुल को पार किया, ‘बेली' पुल का निर्माण देखा तथा हालाज का जायजा लिया। वहां से राहुल गांधी एवं प्रियंका गांधी डॉ. मूपेन मेडिकल कॉलेज और मेप्पाडी में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गए जहां शवों को रखा गया है। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने वहां पीड़ित परिवारों से बातचीत की।  

त्रासदी का दृश्य देखकर काफी दुख हुआ- राहुल गांधी 
घटनास्थल का दौरा करने के बाद गांधी ने फेसबुक पर लिखा कि आपदा एवं त्रासदी का दृश्य देखकर उन्हें काफी दुख हुआ। उन्होंने लिखा, ‘‘इस मुश्किल घड़ी में, प्रियंका और मैं वायनाड के लोगों के साथ खड़े हैं। हम राहत, बचाव और पुनर्वास प्रयासों पर बारीकी से नजर रख रहे हैं और यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि सभी आवश्यक सहायता प्रदान की जाए। यूडीएफ (संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा-केरल का विपक्षी गठबंधन) हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।'' उन्होंने लिखा, ‘‘भूस्खलन और प्राकृतिक आपदाओं की बार-बार हो रही घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं। एक व्यापक कार्य योजना की तत्काल आवश्यकता है।''
PunjabKesari
पार्टी महासचिव एवं अलप्पुझा से सांसद के.सी. वेणुगोपाल एवं कई अन्य कांग्रेस नेता भी दोनों के साथ थे। पार्टी द्वारा जारी उनके इस दौरे के कार्यक्रम के अनुसार दोनों भाई-बहन बाद में मेप्पाडी में दो राहत शिविरों में जायेंगे। गांधी ने 2019 में वायनाड लोकसभा क्षेत्र से चुनाव जीता था। हाल के लोकसभा चुनाव में उन्होंने फिर वायनाड से जीत दर्ज की। इसके साथ-साथ वह उत्तर प्रदेश की रायबरेली सीट से भी विजयी हुए। उन्होंने वायनाड निर्वाचन क्षेत्र से जून में इस्तीफा दे दिया जहां उपचुनाव होने पर प्रियंका के चुनाव लड़ने की उम्मीद है।


लापता हुए लोगों की तलाश का काम जारी 
केरल के वायनाड जिले में दो दिन पहले हुए भूस्खलन के बाद बचावकर्मी प्रतिकूल परिस्थतियों में भी तलाश एवं बचाव अभियान जारी रहे हैं लेकिन कई लोगों का अब तक पता नहीं चल पाया है। बचावकर्मी नष्ट हो चुके घरों और इमारतों में लोगों की तलाश कर रहे हैं, लेकिन चारों ओर मलबा होने के कारण उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार शाम तक के आधिकारिक अनुमान के अनुसार, भूस्खलन प्रभावित वायनाड में अब भी 191 लोग लापता हैं, जबकि सूत्रों का मानना है कि वास्तविक संख्या इससे कहीं अधिक हो सकती है।
PunjabKesari
अधिकारियों ने बताया कि भूस्खलन से सबसे ज्यादा प्रभावित हुए मुंडक्कई जैसे क्षेत्रों में तलाश एवं बचाव अभियान चलाने के लिए जेसीबी जैसे उपकरणों की जरुरत है। वायनाड के भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में बचाव अभियान तेज करने के प्रयास में मुंडक्कई और चूरलमाला के सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों को जोड़ने के लिए 190 फुट लंबा ‘बेली ब्रिज' बनाया जा रहा है और बृहस्पतिवार शाम तक इसके पूरे होने की उम्मीद है। रक्षा विभाग के एक जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि तेजी से पुल का निर्माण किया जा रहा है।
PunjabKesari
टीम चूरलमाला में तेजी से पुल का निर्माण कर रही
उन्होंने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''मद्रास इंजीनियर्स ग्रुप की टीम चूरलमाला में तेजी से पुल का निर्माण कर रही है। टीम प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों और बढ़ते जल स्तर के बावजूद दृढ़ता और समर्पण का प्रदर्शन कर रही है।'' वायनाड जिले में मंगलवार तड़के मुंडक्कई, चूरलमाला, अट्टामाला और नूलपुझा गांवों में मूसलाधार बारिश के बाद भूस्खलन की घटनाएं हुईं, जिसमें महिलाओं और बच्चों सहित बड़ी संख्या में लोगों की मौत हो गई। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

rajesh kumar

Related News