कतर के अमीर ने मोदी को फोन करके विस्फोट में भारतीयों की मौत पर शोक जताया : विदेश मंत्रालय
punjabkesari.in Thursday, Jun 25, 2026 - 12:43 AM (IST)
नेशनल डेस्क : विदेश मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी ने एक दिन पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ फोन पर हुई बातचीत के दौरान रास लाफान औद्योगिकी शहर में हुई दुर्घटना में 12 भारतीय नागरिकों की मौत पर शोक व्यक्त किया। मंत्रालय के अनुसार, थानी ने कहा कि दोनों देश कतर में रहने वाले भारतीय नागरिकों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध हैं।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने अपने 'एक्स' अकाउंट पर साझा किए गए एक वीडियो संदेश में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मंगलवार को कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को फोन किया था।
बरजान स्थानीय गैस आपूर्ति सुविधा में हुए विस्फोट में 66 लोग घायल भी हुए, जिनमें कई भारतीय नागरिक शामिल हैं। जायसवाल ने कहा, "कतर में एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें हमने 12 भारतीय नागरिकों को खो दिया। कल प्रधानमंत्री के पास कतर के अमीर का फोन आया था, जिन्होंने रास लाफान औद्योगिक शहर में हुई इस दुर्घटना में भारतीय नागरिकों की मौत पर शोक व्यक्त किया।"
