न कैश, न क्रेडिट कार्ड, जानें विदेशी धरती पर कैसे पेमेंट करते हैं PM मोदी

punjabkesari.in Friday, Jul 10, 2026 - 10:56 PM (IST)

नई दिल्ली/न्यूजीलैंड: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों तीन देशों की यात्रा पर हैं और फिलहाल अपनी यात्रा के अंतिम पड़ाव पर न्यूजीलैंड में हैं। अक्सर यह सवाल उठता है कि अपनी विदेश यात्राओं के दौरान जब पीएम मोदी कुछ खरीदते हैं, तो उसका भुगतान कैसे करते हैं? इसका जवाब भारत की बढ़ती फिनटेक ताकत में छिपा है।

सिंगापुर से अबू धाबी तक गूंजा भारतीय फिनटेक का नाम
पीएम मोदी अपनी अंतरराष्ट्रीय यात्राओं के दौरान भारतीय डिजिटल भुगतान प्रणालियों का जमकर प्रचार करते हैं। साल 2018 में जब वे सिंगापुर के दौरे पर थे, तब उन्होंने वहां से एक मधुबनी पेंटिंग खरीदी और उसका भुगतान RuPay कार्ड के जरिए किया। इसी तरह, 2019 में भूटान यात्रा के दौरान उन्होंने वहां के हस्तशिल्प की खरीदारी के लिए भी रुपे कार्ड का ही इस्तेमाल किया था।

फरवरी 2024 में अबू धाबी के दौरे पर एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए पीएम मोदी और यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने भारत के UPI को वहां के 'AANI' पेमेंट सिस्टम से और रुपे कार्ड को 'JAYWAN' कार्ड से जोड़ा। इस दौरान दोनों दिग्गजों ने लाइव ट्रांजैक्शन होते हुए भी देखा।

विदेशी दौरों पर डिजिटल पेमेंट का क्या है मकसद?
प्रधानमंत्री द्वारा विदेशों में खुद भुगतान करने का मुख्य उद्देश्य भारतीय पर्यटकों और दुनिया को यह दिखाना है कि भारत की फिनटेक तकनीक पूरी तरह से सुरक्षित और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वीकृत है। वे चाहते हैं कि भारतीय लोग जब विदेश जाएं, तो करेंसी एक्सचेंज के झंझट में पड़ने के बजाय UPI और RuPay का उपयोग करें।

इन देशों में चलता है भारत का सिक्का (UPI और RuPay): भारतीय डिजिटल भुगतान प्रणाली अब दुनिया के कई देशों में अपनी पैठ जमा चुकी है, जिनमें शामिल हैं:

  • फ्रांस (कुछ हिस्सों में)
  • संयुक्त अरब अमीरात (UAE)
  • सिंगापुर, भूटान, नेपाल
  • श्रीलंका, मॉरीशस
  • कतर, ओमान और दक्षिण कोरिया

पीएम मोदी का यह कदम न केवल डिजिटल इंडिया को वैश्विक मंच पर पहचान दिला रहा है, बल्कि भारतीय यात्रियों के लिए विदेशी धरती पर लेनदेन को बेहद आसान भी बना रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News