लुधियाना गैस रिसाव हादसे पर राष्ट्रपति मुर्मू ने दुख जताया, यूपी सीएम योगी आदित्यानाथ ने भी दुख व्यक्त किया
punjabkesari.in Sunday, Apr 30, 2023 - 09:45 PM (IST)

नेशनल डेस्क: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रविवार को कहा कि पंजाब के लुधियाना में गैस रिसाव की घटना में लोगों की मौत से उन्हें गहरा दुख हुआ है और उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। लुधियाना जिले के घनी आबादी वाले ग्यासपुरा इलाके में रविवार को कथित तौर पर जहरीली गैस के रिसाव के कारण तीन बच्चों समेत 11 लोगों की मौत हो गई।
मुर्मू ने एक ट्वीट किया, ‘‘लुधियाना में हुए हादसे में बच्चों और महिलाओं समेत कई लोगों की मृत्यु के समाचार से मुझे अत्यंत दुख हुआ है। सभी शोक-संतप्त परिवारों के प्रति मैं गहन शोक-संवेदनाएं व्यक्त करती हूं तथा प्रभावित हुए सभी लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।'' अधिकारियों के अनुसार, इस घटना में चार लोग बीमार पड़े गये, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया।
वहीं, दूसरी ओर यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट में लुधियाना गैस रिसाव की घटना को लेकर दुख प्रकट किया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि, पंजाब के लुधियाना में गैस लीक होने से हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान व इस दुर्घटना से प्रभावित हुए लोगों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।