सोमवार सुबह महाकुंभ में डुबकी लगाएंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, CM योगी भी रहेंगे मौजूद

punjabkesari.in Sunday, Feb 09, 2025 - 05:30 PM (IST)

नेशनल डेस्क. प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ में सोमवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू संगम में पवित्र डुबकी लगाएंगी। रविवार को जारी आधिकारिक बयान में इसकी जानकारी दी गई। राष्ट्रपति अपने इस दौरे में आठ घंटे से अधिक समय तक प्रयागराज में रहेंगी और धार्मिक स्थलों के दर्शन करेंगी। उनके साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

PunjabKesari

राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए प्रयागराज में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। वह सुबह संगम नोज़ पर पहुंचकर त्रिवेणी संगम में स्नान करेंगी। यह क्षण ऐतिहासिक होगा, क्योंकि इससे पहले पहले राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने महाकुंभ में पवित्र स्नान किया था।

अक्षयवट और बड़े हनुमान मंदिर के दर्शन

PunjabKesari

राष्ट्रपति मुर्मू धार्मिक आस्था को और मजबूत करने के लिए अक्षयवट का दर्शन-पूजन भी करेंगी। सनातन संस्कृति में अक्षयवट को अमरता का प्रतीक माना जाता है और इसे हिन्दू धर्म में विशेष महत्व प्राप्त है। इसके अलावा, वह बड़े हनुमान मंदिर भी जाएंगी और पूजा-अर्चना कर देशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना करेंगी।

डिजिटल महाकुंभ केंद्र का दौरा

राष्ट्रपति आधुनिक भारत और डिजिटल युग को धार्मिक आयोजनों से जोड़ने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल को समर्थन देंगी। वे डिजिटल महाकुंभ अनुभव केंद्र का अवलोकन करेंगी, जहां श्रद्धालुओं को महाकुंभ मेले की जानकारी तकनीकी माध्यमों से दी जा रही है।

राष्ट्रपति का ऐतिहासिक दौरा


राष्ट्रपति मुर्मू का यह दौरा न केवल प्रयागराज बल्कि पूरे देश के श्रद्धालुओं के लिए एक प्रेरणादायक क्षण होगा। उनकी उपस्थिति से महाकुंभ के धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व को एक नई ऊंचाई मिलेगी। शाम को लगभग 5:45 बजे वह प्रयागराज से वापस दिल्ली रवाना होंगी।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Parminder Kaur

Related News