दिल्ली मेट्रो में यात्रा करती नजर आईं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, स्कूली बच्चों से की बातचीत, देखें Video

punjabkesari.in Wednesday, Feb 07, 2024 - 07:17 PM (IST)

नेशनल डेस्क: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को दिल्ली मेट्रो में यात्रा की। राष्ट्रपति पद संभालने के बाद मुर्मू ने पहली बार मेट्रो ट्रेन में सफर किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। मुर्मू दिल्ली मेट्रो से यात्रा करने वाली भारत की दूसरी सेवारत राष्ट्रपति हैं। वर्ष 2012 में तत्कालीन राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल ने भी मेट्रो में सफर किया था।
PunjabKesari
राष्ट्रपति भवन ने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘राष्ट्रपति मुर्मू ने दिल्ली मेट्रो में यात्रा की और यात्रा के दौरान स्कूली बच्चों से बातचीत की।'' इसने कहा कि राष्ट्रपति मुर्मू ने अमृत उद्यान आने वाले आगंतुकों के लिए केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन (गेट नंबर 4) और अमृत उद्यान (गेट नंबर 35) के बीच एक शटल बस सेवा को भी हरी झंडी दिखाई, जो सुबह 9.30 बजे से शाम पांच बजे तक हर 30 मिनट में चलती है। अधिकारियों ने बताया कि ट्रेन में छात्रों से बातचीत के दौरान मुर्मू ने उनसे उनकी करियर योजनाओं के बारे में पूछा।
 

अधिकारियों ने कहा कि उन्होंने दिल्ली मेट्रो की वॉयलेट लाइन पर यात्रा की, जो कि कश्मीरी गेट और फरीदाबाद में राजा नाहर सिंह (बल्लभगढ़) के बीच संचालित होती है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन पर मेट्रो ट्रेन में सवार हुईं और नेहरू प्लेस मेट्रो स्टेशन तक यात्रा की तथा फिर केंद्रीय सचिवालय वापस आ गईं। दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) के प्रबंध निदेशक विकास कुमार यात्रा के दौरान राष्ट्रपति के साथ थे।
PunjabKesari
कुमार ने राष्ट्रपति को डीएमआरसी के कामकाज के विभिन्न पहलुओं के बारे में बताया और निर्माण परियोजनाओं के बारे में भी जानकारी दी। राष्ट्रपति ने एनसीएमसी (नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड) रुपे कार्ड का इस्तेमाल करके यात्रा की।
PunjabKesari
मुर्मू ने आगंतुक पुस्तिका में की गई अपनी टिप्पणियों में दिल्ली मेट्रो की सराहना की और यात्रा को सुखद बताया। उन्होंने कहा कि दिल्ली मेट्रो आज दुनिया की सबसे आधुनिक और कुशल जन परिवहन प्रणालियों में से एक मानी जाती है। मुर्मू ने कहा कि दिल्ली मेट्रो का प्रदर्शन सभी महत्वपूर्ण मापदंडों पर विश्वस्तरीय है और इसने देश को गौरवान्वित किया है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

rajesh kumar

Recommended News

Related News