न्यूयार्क से भी महंगी हुई प्रयागराज की फ्लाइट, लोगों से वसूला जा रहा है इतना किराया
punjabkesari.in Tuesday, Feb 04, 2025 - 02:24 PM (IST)
नेशनल डेस्क: DGCA यानि की मिनिस्ट्री ऑफ सिविल एविएशन और डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन के हस्तक्षेप के बाद, अब दस से ज़्य़ादा शहरों से प्रयागराज जाने वाली फ्लाइट्स के किरायों में सुधार हो रहा है। हालांकि, एक खास तारीख पर कुछ एयरपोर्ट्स से प्रयागराज की दूरी महज 258 किलोमीटर है, लेकिन एयरफेयर इतना महंगा है कि सुनकर आपको हैरानी हो सकती है। इतनी कीमत में आप न्यूयॉर्क जाने वाली फ्लाइट भी बुक कर सकते हैं और कुछ पैसे भी बचा सकते हैं।
दरअसल 10 फरवरी को लखनऊ से प्रयागराज जाने वाली सभी फ्लाइट्स के एयरफेयर 60 हजार रुपए से ऊपर जा चुके हैं। आमतौर पर लखनऊ से प्रयागराज तक का सफर 55 मिनट का होता है, लेकिन 60 हजार रुपए खर्च करने के बाद भी आपको प्रयागराज पहुंचने में 24 घंटे से ज्यादा का समय लग सकता है। अब सवाल यह है कि 55 मिनट की यात्रा के लिए एयरफेयर 60 हजार रुपए कैसे बढ़ गया, आइए जानते हैं।
12 घंटे में पूरा होगा 55 मिनट का सफर-
बता दें कि 10 तारीख को प्रयागराज के लिए लखनऊ से कोई भी सीधी फ्लाइट नहीं है। एयर इंडिया ने श्रद्धालुओं के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट का ऑप्शन उपलब्ध कराया है। इस योजना के तहत, एक फ्लाइट रात करीब 11:30 बजे लखनऊ एयरपोर्ट से मुंबई के लिए उड़ान भरेगी। मुंबई पहुंचने के बाद, श्रद्धालुओं को सुबह 9:25 बजे की फ्लाइट का इंतजार करना होगा। फिर मुंबई से सुबह 9:25 बजे उड़ान भरने के बाद यह फ्लाइट करीब 11:30 बजे प्रयागराज पहुंचेगी। इस पूरे सफर में आपको करीब 12 घंटे का समय लगेगा।
लखनऊ से प्रयागराज जाने के लिए एक फ्लाइट का किराया 72 हजार रुपए तक पहुंच गया है! इस फ्लाइट में, लखनऊ से उड़ान भरने के बाद पहले दिल्ली जाएगी, फिर दिल्ली से मुंबई के लिए रवाना होगी और अंत में मुंबई से प्रयागराज के लिए उड़ान भरेगी। इस रास्ते से लखनऊ से प्रयागराज पहुंचने में आपको करीब 14 घंटे से अधिक का समय लग सकता है। हैरानी की बात यह है कि इस फ्लाइट के लिए आपको 72 हजार रुपए खर्च करने होंगे। हालांकि, 10 फरवरी से पहले और बाद में यही टिकट सिर्फ करीब 11 हजार रुपए में मिल रहा है।