पटना बवाल: 1000 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज

punjabkesari.in Wednesday, Sep 06, 2017 - 03:24 PM (IST)

पटनाः बिहार की राजधानी पटना के राजीव नगर में मंगलवार को अवैध निर्माण हटाने गई पुलिस पर स्थानीय लोगों ने पथराव किया। इस मामले में पुलिस ने 1000 से अधिक अज्ञात लोगों और 100 नामजद लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। पुलिस द्वारा इन लोगों पर कानून का उल्लघंन करने का आरोप लगाया गया है। इस घटनाक्रम में एक दर्जन से ज्यादा पुलिस वाले गंभीर रूप से घायल हो गए। आक्रोशित लोगों ने पुलिस की दो जीप और तीन जेसीबी मशीन को आग के हवाले कर दिया।

बता दें कि राजीव नगर इलाके की 400 एकड़ जमीन को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा है। इस विवादित भूमि पर किसी भी प्रकार का कोेई निर्माण ना करने के आदेश राज्य सरकार ने जारी किए हुए है। इसके बावजूद भी पुलिस और अधिकारियों की मिलीभगत से यहां इमारतों का निर्माण हो चुका है। राज्य सरकार ने इस मामले को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा है कि इस जमीन को किसी भी कीमत पर खाली करवाया जाएगा।

पटना के डीएम संजय अग्रवाल और एसएसपी मनु महाराज का कहना है कि पुलिस वीडियो फुटेज को देखकर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। उनके अनुसार आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस घटनाक्रम के बाद इलाके में अब भी तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस ने इसके खिलाफ देर रात तक फ्लैग मार्च भी किया।   


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News