सावधान दिल्लीवाले! आपके टूथपेस्ट में ''नमक'' नहीं, हो सकता है खतरनाक केमिकल, पुलिस ने किया नकली टूथपेस्ट फैक्ट्री का भंडाफोड़
punjabkesari.in Saturday, Apr 04, 2026 - 04:43 PM (IST)
नेशनल डेस्क : दिल्ली पुलिस ने बाहरी दिल्ली के कंझावला इलाके में एक नकली टूथपेस्ट फैक्ट्री का भंडाफोड़ कर उसके मालिक को गिरफ्तार कर लिया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि सूचना के आधार पर एक टीम ने गुरुवार को महावीर विहार में एक गोदाम पर छापा मारा और बड़ी मात्रा में नकली टूथपेस्ट, खाली ट्यूब, पैकेजिंग का सामान, मशीनें, ब्रांडेड टेप, गोंद, हीटिंग गन और कच्चा माल जब्त किया।
एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने कहा, "जब्त किए गए सामान की कीमत कई लाख रुपये है और खराब मैन्युफैक्चरिंग कंडीशन के कारण यह सेहत के लिए गंभीर खतरा पैदा कर रहा था।" अधिकारी ने कहा, "ऑपरेशन के दौरान, छह मज़दूरों को एक मशहूर टूथपेस्ट ब्रांड की ट्यूबों में लोकल लेवल पर तैयार पेस्ट भरते देखा गया। मज़दूरों ने पुलिस को बताया कि यूनिट रोहिणी के रहने वाले हरिओम मिश्रा चला रहे थे।" 58 साल के मिश्रा को बिना लाइसेंस, बिल या वैलिड डॉक्यूमेंट्स के किराए की जगह से यूनिट चलाने के लिए गिरफ्तार किया गया। इस बारे में केस दर्ज कर लिया गया है और जांच चल रही है।
