कैमिकल बनाने वाली फैक्ट्री में बड़ा धमाका, एक कर्मचारी की मौत, 3 अन्य घायल
punjabkesari.in Friday, Jun 05, 2026 - 06:00 PM (IST)
नेशनल डेस्क : गुजरात के अहमदाबाद में एक औद्योगिक क्षेत्र में स्थित रसायन बनाने वाले कारखाने में शुक्रवार को हुए विस्फोट में एक श्रमिक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना नरोडा जीआईडीसी में स्थित 'एमएनएस इंटरमीडिएट्स' के कारखाने में हुई।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कारखाने के भीतर रासायनिक विलायक से भरे एक टैंक में विस्फोट हो गया। उन्होंने कहा, ''विस्फोट में चार लोग घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनमें से एक की मौत हो गई।'' दमकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि विस्फोट के बाद कारखाना परिसर में हाइड्रोजन से भरे एक ट्रक में भी आग लग गई।
दमकल विभाग के अधिकारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया गया। उन्होंने कहा कि घटना के सटीक कारणों की जांच की जा रही है।
