केंद्रीय मंत्री के बेटे पर पॉक्सो केस, आरोपी का दावा- ''लड़की के माता-पिता ने शादी के लिए धमकाया और मांगी 5 करोड़ की रंगदारी''

punjabkesari.in Sunday, May 10, 2026 - 12:34 AM (IST)

नेशनल डेस्कः केंद्रीय मंत्री बंडी संजय कुमार के बेटे भगीरथ एक बड़े विवादों में घिर गए हैं। भगीरथ के खिलाफ एक नाबालिग लड़की के यौन उत्पीड़न के आरोपों के बाद पॉक्सो (POCSO) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। हालांकि, भगीरथ ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए लड़की और उसके परिवार पर ही जबरन वसूली और धमकी देने का सनसनीखेज आरोप लगाया है।

7-8 महीने पहले शुरू हुआ था संबंध
पीड़ित बताई जा रही सत्रह वर्षीय लड़की की मां का आरोप है कि भगीरथ का उनकी बेटी के साथ संबंध था और इसी दौरान उसने उसका यौन उत्पीड़न किया। पुलिस के अनुसार, यह कथित संबंध लगभग सात-आठ महीने पहले शुरू हुआ था। पुलिस ने फिलहाल मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन अभी तक छात्रा से पूछताछ नहीं की गई है।

5 करोड़ रुपये की रंगदारी का आरोप
दूसरी ओर, भगीरथ ने करीमनगर पुलिस में अपनी शिकायत दर्ज कराई है कि जिस लड़की से उनकी जान-पहचान हुई थी, उसने उन्हें पारिवारिक और सामूहिक कार्यक्रमों में आमंत्रित किया था। भगीरथ का कहना है कि उन्होंने लड़की के परिवार को भरोसेमंद मानकर उनके साथ कुछ धार्मिक स्थलों की यात्रा भी की थी। आरोप है कि इसके बाद लड़की के माता-पिता ने उन पर शादी के लिए दबाव डालना शुरू कर दिया। जब उन्होंने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया, तो परिवार ने उनसे 5 करोड़ रुपये की मांग की और रकम न देने पर झूठी शिकायत दर्ज कराने की धमकी दी।

डर के मारे दिए 50,000 रुपये
भगीरथ ने अपनी शिकायत में दावा किया है कि वे इस कदर डर गए थे कि उन्होंने लड़की के पिता को 50,000 रुपये दे भी दिए थे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें धमकी दी गई थी कि यदि उन्होंने भारी-भरकम रकम नहीं चुकाई, तो लड़की की मां आत्महत्या कर लेगी। पुलिस ने भगीरथ की शिकायत के आधार पर भी एक प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News