ओडिशा में सड़क हादसों का तांडव: अलग-अलग दुर्घटनाओं में 5 लोगों की मौत, 31 घायल; शादी की खुशियां मातम में बदलीं

punjabkesari.in Sunday, May 10, 2026 - 02:17 AM (IST)

नेशनल डेस्कः ओडिशा के अलग-अलग जिलों में शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसों ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है। इन दर्दनाक घटनाओं में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 31 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस के अनुसार, ये हादसे राष्ट्रीय राजमार्गों और जिला सड़कों पर हुए हैं।

NH-16 पर ट्रक का कहर: महिला की खोपड़ी सड़क पर जा गिरी
शनिवार शाम राष्ट्रीय राजमार्ग-16 (NH-16) पर एक अनियंत्रित ट्रक ने दो मोटरसाइकिलों और एक स्कूटर को जोरदार टक्कर मार दी। यह हादसा अग्निशमन केंद्र छाक के पास ओवरब्रिज पर हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना में एक महिला की खोपड़ी तक सड़क पर जा गिरी। हादसे के बाद आरोपी ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिससे कोलकाता और चेन्नई को जोड़ने वाले इस हाईवे पर घंटों जाम लगा रहा।

तीर्थयात्रियों की बस और ट्रक में सीधी भिड़ंत
इससे पहले शनिवार सुबह गंजाम जिले में एक और बड़ा हादसा हुआ, जहां 30 तीर्थयात्रियों से भरी एक बस और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में बस चालक ने दम तोड़ दिया, जबकि 15 यात्री घायल हो गए। घायलों को कोडाला अस्पताल और एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

शादी समारोह में जा रहे लोग हुए हादसे का शिकार
मयूरभंज और सुंदरगढ़ जिलों में भी सड़क हादसों ने कहर ढाया है। मयूरभंज के बेतनती इलाके में शादी समारोह में जा रही एक एसयूवी ट्रक से टकराकर पलट गई, जिसमें 13 लोग घायल हो गए। वहीं, सुंदरगढ़ जिले में शादी में जा रहे तीन युवक सड़क हादसे का शिकार हो गए, जिसमें 22 वर्षीय श्लोक बारला की मौत हो गई और उसके दो दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News