प्रधानमंत्री मोदी ने ‘सेवा तीर्थ’ भवन के नामकरण का किया अनावरण
punjabkesari.in Friday, Feb 13, 2026 - 02:20 PM (IST)
नेशनल डेस्कः आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘सेवा तीर्थ’ भवन परिसर का औपचारिक उद्घाटन किया। इसी के साथ प्रधानमंत्री कार्यालय अब नए परिसर में कार्य करेगा। दोपहर लगभग 1:30 बजे प्रधानमंत्री ने ‘सेवा तीर्थ’ नाम का अनावरण किया और इसे राष्ट्र को समर्पित किया। नए परिसर में प्रधानमंत्री कार्यालय के साथ-साथ राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय (NSCS) और कैबिनेट सचिवालय भी स्थानांतरित हो चुके हैं। इसके साथ ही देश का प्रमुख प्रशासनिक केंद्र अब ‘सेवा तीर्थ’ से संचालित होगा।
दारा शिकोह रोड स्थित ‘सेवा तीर्थ’ परिसर लगभग 2.26 लाख वर्ग फुट क्षेत्र में विकसित किया गया है। इस अत्याधुनिक परियोजना पर करीब ₹1,189 करोड़ की लागत अनुमानित है। यह नया प्रशासनिक परिसर अलग-अलग स्थानों पर संचालित होने वाले प्रमुख सरकारी दफ्तरों को एक ही छत के नीचे लाने की सोच के साथ तैयार किया गया है, ताकि समन्वय बेहतर हो और कामकाज में तेजी आए। ‘सेवा तीर्थ’ में प्रधानमंत्री कार्यालय, राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय और कैबिनेट सचिवालय को एकीकृत रूप से स्थापित किया गया है।
सरकार का कहना है कि वर्ष 2014 के बाद से प्रशासनिक ढांचे और सरकारी परिसरों के नामों में बदलाव की पहल औपनिवेशिक विरासत से आगे बढ़कर भारतीय मूल्यों और जनभावनाओं को प्राथमिकता देने के उद्देश्य से की गई है। इसी क्रम में साउथ ब्लॉक का नाम बदलकर ‘सेवा तीर्थ’, सेंट्रल सचिवालय का ‘कर्तव्य भवन’, राजपथ का ‘कर्तव्य पथ’, रेस कोर्स रोड का ‘लोक कल्याण मार्ग’ और राज भवन/राज निवास का ‘लोक भवन/लोक निवास’ किया गया है।
