प्रधानमंत्री मोदी ने महावीर जयंती पर देशवासियों को दी बधाई

punjabkesari.in Tuesday, Mar 31, 2026 - 10:09 AM (IST)

नेशनल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को महावीर जयंती के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि सत्य, सद्भाव, सद्व्यवहार और समानता पर आधारित भगवान महावीर के संदेशों में अद्भुत प्रेरणा है और उनके महान विचार सदैव मानवता के पथ-प्रदर्शक बने रहेंगे। उन्होंने कहा कि भगवान महावीर के आदर्श आध्यात्मिक रूप से उत्थानकारी हैं और आज के समय में भी बेहद प्रासंगिक हैं।

PunjabKesari

मोदी ने कहा कि समानता और दया पर उनका जोर समाज के प्रति हर व्यक्ति की साझा जिम्मेदारी की याद दिलाता है। मोदी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "भगवान महावीर जन्म कल्याणक के पावन अवसर पर शुभकामनाएं। भगवान महावीर का जीवन और उनके उपदेश सत्य, अहिंसा व करुणा के पथ को प्रकाशित करते रहते हैं।" उन्होंने कहा, "भगवान महावीर के विचार मानवता के लिए हमेशा शक्ति और आशा प्रदान करते हैं।"

PunjabKesari

प्रधानमंत्री ने सम्राट संप्रति संग्रहालय की कुछ तस्वीरें भी साझा कीं, जिसका उद्घाटन वह मंगलवार को करेंगे। यह संग्रहालय सम्राट संप्रति के नाम पर रखा गया है, जो अशोक के पोते थे और जैन परंपरा के पूजनीय व्यक्ति थे। संप्रति को अहिंसा के प्रति प्रतिबद्धता तथा जैन धर्म के प्रसार के लिए जाना जाता है। यह संग्रहालय जैन धर्म की समृद्ध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को प्रदर्शित करता है। महावीर जैन अराधना केंद्र परिसर में स्थित इस संग्रहालय में सात अलग-अलग भाग हैं, जो भारत की सभ्यतागत परंपराओं के विभिन्न पहलुओं के प्रति समर्पित हैं। यह आगंतुकों को सदियों के ज्ञान और विरासत के जरिये व्यापक अनुभव प्रदान करता है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mansa Devi

Related News