''अगर गलती से भी कांग्रेस सत्ता में आ गई तो...,हरियाणा को बर्बाद कर देगी'', PM मोदी का तीखा हमला

punjabkesari.in Wednesday, Sep 25, 2024 - 05:43 PM (IST)

नेशनल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि अगर वह गलती से भी हरियाणा में सत्ता में आ गई तो उसकी अंदरूनी कलह के कारण स्थिरता और विकास दांव पर लग जाएगा और यह राज्य को बर्बाद कर देगा। जिले में पांच अक्टूबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए गोहाना में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने आरक्षण के मुद्दे पर कांग्रेस पर हमला बोला और आरोप लगाया कि आरक्षण का विरोध और उसके प्रति नफरत उसके ‘डीएनए' में है।
PunjabKesari
'जहां-जहां कांग्रेस की सरकारें बनीं, मुख्यमंत्री और मंत्री अंदरूनी कलह में शामिल रहे'
मुख्य विपक्षी पार्टी की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकारें ‘अस्थिरता' के लिए जानी जाती हैं। मोदी ने कांग्रेस शासित कर्नाटक का उदाहरण देते हुए कहा, ‘‘पिछले कुछ सालों में जहां-जहां कांग्रेस की सरकारें बनीं, मुख्यमंत्री और मंत्री अंदरूनी कलह में शामिल रहे। उन्हें लोगों के दर्द और समस्याओं से कोई लेना-देना नहीं है।'' उन्होंने कहा, ‘‘कर्नाटक में उसके मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री अंदरूनी लड़ाई में व्यस्त हैं। तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश में भी यही कहानी है।''
PunjabKesari
'...हरियाणा को बर्बाद कर देगी कांग्रेस'
हरियाणा विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद राज्य में मोदी की यह दूसरी रैली थी। पहली रैली एक हफ्ते पहले कुरुक्षेत्र में हुई थी। मोदी ने राजस्थान और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के सत्ता में रहने के दौरान उसकी अंदरूनी कलह का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए हरियाणा को सतर्क रहना होगा। हरियाणा का मुझ पर अधिकार है। याद रखिए, अगर कांग्रेस गलती से भी सत्ता में आ गई तो वह अपनी अंदरूनी कलह से हरियाणा को बर्बाद कर देगी।'' उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस में जिस तरह से अंदरूनी कलह बढ़ रही है, उसे पूरा हरियाणा देख रहा है।'' मोदी ने कहा कि कांग्रेस को वोट देने का मतलब हरियाणा की स्थिरता और विकास को दांव पर लगाना और विनाश के दरवाजे खोलना है। उन्होंने कहा, ‘‘इस अस्थिरता से हरियाणा में हर काम रुक जाएगा। निवेश और नौकरियां प्रभावित होंगी।''  गौरतलब है कि हरियाणा में अगले महीने विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं और सत्तारूढ़ भाजपा, कांग्रेस की हरियाणा इकाई में कथित अंदरूनी कलह को लेकर उसपर निशाना साध रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman Kaur

Related News