पश्चिम बंगाल की जनता राष्ट्रपति मुर्मू के घोर अपमान के लिए तृणमूल को माफ नहीं करेगी : प्रधानमंत्री मोदी

punjabkesari.in Sunday, Mar 08, 2026 - 05:06 PM (IST)

नेशनल डेस्क : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कथित प्रोटोकॉल उल्लंघन को लेकर रविवार को तृणमूल कांग्रेस सरकार पर अपना हमला तेज करते हुए कहा कि राज्य की जागरूक जनता एक महिला आदिवासी नेता और देश की राष्ट्रपति का ''अपमान'' करने के लिए पार्टी को कभी माफ नहीं करेगी। प्रधानमंत्री ने दिल्ली मेट्रो के दो नए कॉरिडोर और अन्य परियोजनाओं का उद्घाटन करने के बाद राष्ट्रीय राजधानी में यह बात कही। मोदी ने कहा, ''आज जब पूरा देश अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मना रहा है, यह बेहद चिंताजनक है कि कल ही पश्चिम बंगाल की तृणमूल कांग्रेस सरकार ने भारत की माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का घोर अपमान किया।''

PunjabKesari

मोदी की यह टिप्पणी राष्ट्रपति मुर्मू द्वारा शनिवार को पश्चिम बंगाल में आदिवासी समुदाय के सम्मेलन के स्थान में परिवर्तन और उनके दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और मंत्रियों की अनुपस्थिति पर नाराजगी व्यक्त करने के बाद आई है। इसके तुरंत बाद, बनर्जी ने राष्ट्रपति पर ''भाजपा की सलाह पर बोलने'' का आरोप लगाया तथा मणिपुर और छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में आदिवासियों के खिलाफ कथित अत्याचारों पर उनकी चुप्पी पर सवाल उठाया। भाजपा ने राष्ट्रपति का ''अपमान'' करने के लिए तृणमूल सरकार पर जमकर हमला बोला। प्रधानमंत्री मोदी ने इसे ''शर्मनाक और अभूतपूर्व'' करार दिया तथा तृणमूल कांग्रेस पर सभी हदें पार करने का आरोप लगाया।

PunjabKesari

रविवार को प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस सरकार के कारण न केवल आदिवासी समुदाय के कार्यक्रम में कुप्रबंधन देखने को मिला, बल्कि यह राष्ट्रपति, संविधान और देश में लोकतंत्र की महान परंपरा का भी अपमान है। उन्होंने कहा, ''राष्ट्रपति मुर्मू जी संथाल आदिवासी परंपरा के सम्मान में आयोजित एक महत्वपूर्ण समारोह में भाग लेने के लिए बंगाल गई थीं। हालांकि, तृणमूल कांग्रेस ने इस पवित्र और महत्वपूर्ण कार्यक्रम का बहिष्कार करना चुना, जिसका राष्ट्रपति और आदिवासी समुदाय दोनों के लिए बहुत महत्व है।'' मोदी ने कहा कि राष्ट्रपति स्वयं आदिवासी पृष्ठभूमि से आती हैं और उन्होंने संथाल समुदाय के प्रति गहरी चिंता व्यक्त की है। प्रधानमंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जागरूक जनता तृणमूल कांग्रेस को ''एक महिला का अपमान करने, एक आदिवासी का अपमान करने और देश की माननीय राष्ट्रपति का अपमान करने'' के लिए कभी माफ नहीं करेगी।

PunjabKesari

उन्होंने कहा, ''न तो देश माफ करेगा, न ही देश का आदिवासी समाज कभी माफ करेगा, और न ही देश की महिला शक्ति कभी माफ करेगी।'' प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को दिल्ली मेट्रो के दो नये कॉरिडोर का उद्घाटन किया तथा तीन मेट्रो लाइन की आधारशिला रखी, जिससे राष्ट्रीय राजधानी के कई महत्वपूर्ण स्थानों को सीधी संपर्क सुविधा मिल सकेगी। मोदी ने केंद्र सरकार की 'जनरल पूल रेजिडेंशियल अकोमोडेशन' (जीपीआरए) पुनर्विकास योजना के तहत भी 15,200 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। सभी परियोजनाओं की कुल लागत लगभग 33,500 करोड़ रुपये है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर, प्रधानमंत्री मोदी ने घोषणा की कि तीन करोड़ से अधिक महिलाएं अब 'लखपति दीदी' बनने की उपलब्धि हासिल कर चुकी हैं। मोदी ने कहा कि कुछ वर्ष पहले, उनकी सरकार ने तीन करोड़ महिलाओं को 'लखपति दीदी' बनने के लिए सशक्त बनाने की प्रतिबद्धता जताई थी, जिनकी वार्षिक घरेलू आय एक लाख रुपये से अधिक है।

PunjabKesari

प्रधानमंत्री ने कहा, ''उस समय कई लोगों ने हमारे संकल्प पर संदेह जताया और इसे एक राजनीतिक कदम करार दिया। हालांकि, मुझे यह घोषणा करते हुए गर्व हो रहा है कि हमने अपना वादा पूरा कर लिया है, जिसके तहत तीन करोड़ से अधिक महिलाएं 'लखपति दीदी' बनने की उपलब्धि हासिल कर चुकी हैं।'' दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) की पिछली सरकार को ''आपदा सरकार'' करार देते हुए मोदी ने आरोप लगाया कि उसने पिछले 10 वर्षों से राष्ट्रीय राजधानी में सभी विकास कार्यों को रोक रखा था। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ''अब हमारी सरकार दिल्ली के सामने मौजूद चुनौतियों से निपटने के लिए 'मिशन मोड' में काम कर रही है। पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के निर्माण से लाखों वाहनों को अब शहर में प्रवेश करने की आवश्यकता नहीं होगी। हमारी सरकार यमुना नदी को साफ करने के लिए भी गंभीर पहल कर रही है।''

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mehak

Related News