PM मोदी का कांग्रेस पर हमला- घर में लोकतंत्र नहीं, देश में कैसे करेंगे पालन

punjabkesari.in Sunday, Dec 03, 2017 - 06:58 PM (IST)

सुरेंद्रनगर: कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव का उपहास उड़ाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज आरोप लगाया कि पार्टी का सांगठनिक चुनावों में धांधली का इतिहास रहा है। उन्होंने गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस में शीर्ष पद के लिये चुनाव के नतीजे का पहले से अनुमान लगाया जा सकता है। मोदी ने कहा कि अगर आपके घर (पार्टी) में लोकतंत्र नहीं है तो आप देश में कैसे लोकतंत्र का पालन करेंगे।

कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव का उड़ाया मजाक 
पीएम ने गुजरात विधानसभा चुनाव के लिये एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी में अध्यक्ष पद के लिये चुनाव होना है, नतीजा क्या है सबको पता है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब उस वक्त देश का प्रधानमंत्री चुनने के लिये कांग्रेस पार्टी की बैठक हुई थी तो सरदार पटेल को जवाहर लाल नेहरू से अधिक वोट मिले थे। लेकिन उस चुनाव में धांधली हुई और नेहरू जीत गए। मोदी ने कहा कि यही मोरारजी देसाई के साथ भी हुआ कांग्रेस का चुनाव में धांधली करने का इतिहास रहा है।

कांग्रेस नेता शहजाद पूनावाला का उनके प्रथम नाम से उल्लेख करते हुए मोदी ने कहा कि उसने चुनाव प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए थे और आरोप लगाया था कि उसमें धांधली हो रही है। पीएम ने आरोप लगाया कि पार्टी ने उनका सामूहिक तौर पर बहिष्कार किया है। उन्होंने कहा कि गुजराती में हमारे यहां एक कहावत है कि कुएं में पानी हो तभी बाल्टी भरी जा सकती है। अगर आपके यहां (पार्टी) लोकतंत्र है ही नहीं तो देश में आप कैसे इसका पालन करेंगे। प्रधानमंत्री का दिन के उत्तराद्र्ध में एक और चुनावी रैली को संबोधित करने का कार्यक्रम है। गुजरात की 182 सदस्यीय विधानसभा के लिये नौ और 14 दिसंबर को दो चरणों में मतदान होगा। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News