येदियुरप्पा बोले- BJP-JDS गठबंधन पर पीएम मोदी, अमित शाह करेंगे अंतिम फैसला
punjabkesari.in Thursday, Sep 14, 2023 - 12:19 AM (IST)

नई दिल्लीः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता बी.एस. येदियुरप्पा ने बुधवार को कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए कर्नाटक में जनता दल (सेक्युलर) के साथ हाथ मिलाने पर चर्चा अभी चल रही है और केंद्रीय नेतृत्व इस पर अंतिम फैसला लेंगे। येदियुरप्पा ने कहा कि गठबंधन पर अंतिम फैसला प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व करेगा।
कर्नाटक में भाजपा और जद(एस) के बीच चुनावी गठबंधन के बारे में पूछे जाने पर येदियुरप्पा ने कहा, ‘‘हमें नहीं पता कि मोदी जी और अमित शाह जी के मन में क्या है... चर्चा अभी चल रही है।'' उन्होंने कहा कि इस मामले में न तो उन्हें कुछ कहना है और न ही वह कोई सुझाव देंगे क्योंकि सीट बंटवारे पर फैसला पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व पर छोड़ दिया गया है। कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा संसदीय बोर्ड के सदस्य येदियुरप्पा पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की बैठक में हिस्सा लेने के लिए इस समय दिल्ली में हैं। केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में आगामी विधानसभा चुनावों और 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए चुनावी तैयारियों की समीक्षा की जाएगी।
येदियुरप्पा ने आठ सितंबर को बेंगलुरु में कहा था, ‘‘ मुझे खुशी है कि देवेगौड़ा जी हमारे प्रधानमंत्री से मिले और उन्होंने पहले ही लगभग चार सीट को अंतिम रूप दे दिया है। मैं इसका स्वागत करता हूं...। '' येदियुरप्पा की इन टिप्पणियों से राज्य की राजनीति हलचल मच गई और जद (एस) के नेता एचडी कुमारस्वामी ने दावा किया था कि गठबंधन को लेकर ऐसी कोई बातचीत नहीं हुई है। इस राजनीतिक विवाद पर पर्दा डालने की कोशिश के तहत येदियुरप्पा ने बुधवार को स्पष्ट किया कि वह अपने पिछले दावे में “तथ्यात्मक रूप से गलत” थे। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि संभावित गठबंधन पर अंतिम फैसला भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व करेगा।
भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा कि पार्टी का लक्ष्य अगले साल कर्नाटक में लोकसभा चुनाव में 25-26 सीटें जीतना है और इसके लिए राज्य भर में जिला स्तर के कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की जाएगी। विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में येदियुरप्पा ने कहा, ‘‘ मोदी के सामने वे शून्य हैं। हमें पूर्ण बहुमत मिलेगा। हमें पिछली बार भी इतनी ही सीटें मिली थीं और 2024 में भी इतनी ही सीटें मिलेंगी। मोदी फिर प्रधानमंत्री बनेंगे।''