PM KISAN YOJANA: किसानों को बड़ा झटका – 22वीं किस्त आने से पहले लाखों नाम काटे गए, ऐसे चेक करें अपना स्टेटस
punjabkesari.in Monday, Feb 23, 2026 - 02:20 PM (IST)
नेशनल डेस्क: देश के करोड़ों मेहनतकश किसानों के लिए होली से पहले एक राहत भरी खबर सामने आ रही है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की अगली किस्त का इंतजार अब खत्म होने वाला है। कयास लगाए जा रहे हैं कि सरकार फरवरी के आखिरी दिनों या मार्च के पहले हफ्ते में ₹2000 की राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में भेज सकती है।
सावधानी जरूरी: कहीं आपका नाम तो सूची से बाहर नहीं?
खुशखबरी के बीच एक चेतावनी भी है। पारदर्शिता बढ़ाने के लिए सरकार ने लाभार्थी सूची की बारीकी से जांच शुरू कर दी है, जिसकी वजह से लाखों लोगों के नाम लिस्ट से हटा दिए गए हैं। अगर आप भी इस योजना का लाभ लेते हैं, तो यह जान लेना जरूरी है कि किन वजहों से आपकी किस्त अटक सकती है।
क्यों हो रही है छंटनी?
सरकार मुख्य रूप से दो मोर्चों पर सख्ती बरत रही है:-
1. जमीन के कागजों का फेरबदल: जिन लोगों ने फरवरी 2019 के बाद अपने नाम पर जमीन करवाई है, उनके दस्तावेजों की दोबारा जांच की जा रही है। यदि आपके पास उस तय तारीख से पहले खेती योग्य भूमि नहीं थी, तो आपकी पात्रता पर सवाल उठ सकते हैं।
2. एक घर में दो फायदे: नियम स्पष्ट है कि पति, पत्नी और नाबालिग बच्चों को मिलाकर बने एक परिवार में केवल एक ही सदस्य को यह लाभ मिलेगा। जांच में पाया गया है कि कई घरों में एक से ज्यादा लोग पैसे ले रहे थे। ऐसे मामलों में न केवल किस्त रोकी जा रही है, बल्कि पिछली राशि की वसूली का खतरा भी मंडरा रहा है।
घर बैठे ऐसे जानें अपना हक
कैसे चेक करें अपना PM Kisan स्टेटस?
अगर आपको संदेह है कि आपका नाम लाभार्थी सूची में है या नहीं, तो नीचे दिए गए आसान स्टेप्स फॉलो करें:
-
सबसे पहले PM Kisan की आधिकारिक वेबसाइट pmkisan.gov.in पर जाएं।
-
होमपेज पर मौजूद ‘Farmers Corner’ सेक्शन में जाएं।
-
वहां ‘Beneficiary Status’ या ‘Know Your Status’ विकल्प पर क्लिक करें।
-
अब अपना रजिस्ट्रेशन नंबर या मोबाइल नंबर दर्ज करें।
-
स्क्रीन पर दिया गया कैप्चा कोड भरें।
-
‘Get Data’ पर क्लिक करते ही आपकी पूरी जानकारी स्क्रीन पर आ जाएगी।
