महंगाई के मुद्दे पर कांग्रेस ने फिर केंद्र पर साधा निशाना, कहा- आर्थिक नाकामी पर जवाब दें PM मोदी
punjabkesari.in Wednesday, Jul 15, 2026 - 11:31 AM (IST)
नेशनल डेस्क: कांग्रेस ने महंगाई के मुद्दे को लेकर बुधवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए दावा किया कि जब देश की अर्थव्यवस्था के सारे बुनियादी संकेतक 'रेड अलर्ट' पर हैं, तब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार स्थिति को संभालने की बजाय जनता का ध्यान भटकाने में लगी हुई है। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को इस "आर्थिक नाकामी" पर जवाब देना चाहिए।
<
मोदी सरकार की जनविरोधी नीतियों की वजह से देश लगातार आर्थिक संकट की तरफ जा रहा है। इसके बारे में कांग्रेस पार्टी ने सरकार को पिछले कुछ महीनों से बार-बार आगाह किया है।
— Jairam Ramesh (@Jairam_Ramesh) July 15, 2026
44 महीने में सबसे भीषण थोक महंगाई (9.87%), ईंधन-बिजली में 27.4% की आग के बीच इस बार तीन साल के रिकॉर्ड निचले स्तर… pic.twitter.com/oo1vNjx9AX
>
रमेश ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में आरोप लगाया कि मोदी सरकार की ''जनविरोधी नीतियों'' की वजह से देश लगातार आर्थिक संकट की तरफ जा रहा है। उन्होंने कहा, "कांग्रेस पिछले कुछ महीनों से सरकार को इस स्थिति के प्रति बार-बार आगाह करती रही है। 44 महीने में सबसे भीषण थोक महंगाई (9.87 प्रतिशत), ईंधन-बिजली में 27.4 प्रतिशत की आग के बीच इस बार तीन साल के रिकॉर्ड निचले स्तर पर खेती की बुवाई हुई है।" उन्होंने कहा कि आम जनता बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी से पस्त है और ''देश का अन्नदाता सरकार की गलत नीतियों एवं मौसम की दोहरी मार से त्रस्त है।'' उन्होंने कहा कि महंगाई बढ़ने से उद्योगों की लागत भी बढ़ चुकी है।
कांग्रेस नेता ने दावा किया कि जब देश की अर्थव्यवस्था के सारे बुनियादी संकेतक ''रेड अलर्ट' पर हैं'', तब मोदी सरकार स्थिति को संभालने की बजाय जनता का ध्यान भटकाने के लिए केवल 'हेडलाइन' चमकाने में व्यस्त है। रमेश के अनुसार, सरकार महंगाई को नियंत्रित करने के बजाय उसके भयावह आंकड़ों को केवल छिपाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने दावा किया कि थोक महंगाई के नवीनतम आंकड़े मोदी सरकार की बुरी आर्थिक नीतियों और विफलता का जीता-जागता दस्तावेज़ हैं। उन्होंने कहा, ''जब देश का हर वर्ग त्राहि-त्राहि कर रहा है, तब सरकार की प्राथमिकताएं आखिर कहां खोई हुई हैं।''
