कल से लोगों को मिलेगी राहत! 17 जून तक इन राज्यों में होगी बारिश, जानें IMD का नया अपडेट
punjabkesari.in Thursday, Jun 12, 2025 - 07:40 PM (IST)

नेशनल डेस्क: उत्तर भारत में तेज गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। दिल्ली-NCR में आज के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। राजस्थान से लेकर बिहार तक तापमान 42 डिग्री से ऊपर जा चुका है। लोग अब मानसून का इंतजार कर रहे हैं। इसी बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बारिश को लेकर एक नया अपडेट दिया है।
दिल्ली-NCR में कब होगी बारिश?
मौसम विभाग के मुताबिक, 13 से 17 जून के बीच दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में बारिश हो सकती है।
हालांकि, 14 जून को हरियाणा और पंजाब के कुछ हिस्सों में लू (हीटवेव) चलने की भी चेतावनी है। कई जगहों पर तापमान 45 डिग्री के पार चला गया है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण कुछ इलाकों में हल्की बारिश और बादल छा सकते हैं।
उत्तर प्रदेश और बिहार का मौसम
उत्तर प्रदेश में 12 जून से मौसम में थोड़ा बदलाव आ सकता है।
- कुछ जिलों में बिजली चमकने और तेज हवाओं (30–40 किमी/घंटा) के साथ बारिश हो सकती है।
- पश्चिमी यूपी में अभी भी लू का असर रहेगा, लेकिन 2 दिन बाद वहां भी बारिश की संभावना है।
बिहार में 13 जून को पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर जैसे जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। लेकिन पटना और दक्षिण बिहार के 19 जिलों में आज बारिश की संभावना नहीं है। मौसम विभाग का कहना है कि 2 दिन बाद मानसून बिहार में दाखिल हो सकता है।
पहाड़ी राज्यों और राजस्थान में गर्मी का कहर
हिमाचल प्रदेश के मैदानी इलाकों में भी भीषण गर्मी और लू चल रही है।
राजस्थान के गंगानगर में तापमान 48 डिग्री तक पहुंच गया है, जो इस गर्मी का एक रिकॉर्ड है।
दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट
- 12 से 15 जून: आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में बारिश हो सकती है।
- 12 से 17 जून: कर्नाटक और केरल में भारी बारिश की संभावना है।
- 14 और 15 जून: तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भी तेज बारिश हो सकती है।
- गोवा और महाराष्ट्र के कई हिस्सों में भी बारिश का अनुमान है।