टेकऑफ से पहले उड़ान रद्द, प्रयागराज से बेंगलुरु जाने वाली इंडिगो फ्लाइट में यात्रियों को आई पेट्रोल जैसी गंध
punjabkesari.in Tuesday, Jul 01, 2025 - 03:35 PM (IST)

नेशनल डेस्क : प्रयागराज से बेंगलुरु के लिए रवाना होने वाली Indigo Flight संख्या 6E-6036 को टेकऑफ से ठीक पहले तकनीकी कारणों के चलते रद्द कर दिया गया। यह घटना मंगलवार को उस समय हुई जब सभी यात्री विमान में बोर्ड कर चुके थे और उड़ान भरने की तैयारी चल रही थी।
यात्रियों को आई पेट्रोल जैसी गंध
फ्लाइट में बैठे यात्रियों ने बताया कि विमान में बैठने के कुछ समय बाद केबिन में पेट्रोल या ईंधन जैसी गंध महसूस होने लगी। पहले यात्रियों को सूचित किया गया कि सुरक्षा जांच की जा रही है और घबराने की कोई बात नहीं है। लेकिन जब गंध तेज हो गई, तो यात्रियों में असमंजस फैल गया।
इसी बीच पायलट ने घोषणा की कि उड़ान में तकनीकी परेशानी है और इसे ठीक करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके बाद करीब 4-5 एयरलाइन कर्मी कॉकपिट में पहुंचे और पायलट के साथ चर्चा की। अंततः यह निर्णय लिया गया कि सभी यात्रियों को विमान से उतार दिया जाए।
फ्लाइट की रद्द होने की औपचारिक घोषणा
कुछ देर बाद इंडिगो की ओर से आधिकारिक तौर पर घोषणा की गई कि तकनीकी कारणों से यह उड़ान रद्द की जा रही है। इंडिगो ने यात्रियों से कहा कि उनकी सुरक्षा सर्वोपरि है और यह कदम एहतियातन उठाया गया है।
यात्रियों को दिए गए रीरूटिंग और रिफंड के विकल्प
एयरलाइन ने यात्रियों को वैकल्पिक उड़ानों और पूर्ण रिफंड का विकल्प दिया। दिल्ली, मुंबई, वाराणसी और लखनऊ जैसे नजदीकी शहरों से उड़ानों की व्यवस्था की गई। 'फर्स्ट कम, फर्स्ट सर्व' के आधार पर यात्रियों को अन्य फ्लाइट्स में बैठाने की प्रक्रिया शुरू हो गई।
जिन यात्रियों को लखनऊ से फ्लाइट मिली, उन्हें प्रयागराज से लखनऊ एयरपोर्ट तक पहुंचाने के लिए इंडिगो की ओर से कैब की सुविधा भी दी गई। इस फ्लाइट में बड़ी संख्या में छात्र भी शामिल थे, जिनमें से कई प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों के थे। जैसे ही फ्लाइट रद्द होने की सूचना मिली, कुछ यात्रियों के परिजन भी एयरपोर्ट पर पहुंच गए।
एयरपोर्ट प्रशासन ने दी सफाई
प्रयागराज एयरपोर्ट के निदेशक मुकेश चंद्र उपाध्याय ने बताया कि देश के कुछ हिस्सों में हाल ही में तकनीकी घटनाएं सामने आने के कारण एयरपोर्ट पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। उन्होंने कहा कि, 'जैसे ही फ्लाइट में किसी भी तरह की गंध महसूस की गई, तुरंत निर्णय लेकर उड़ान रद्द कर दी गई। यात्रियों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।'
उपाध्याय ने यह भी स्पष्ट किया कि इंडिगो को यात्रियों को हरसंभव सुविधा देने के निर्देश दिए गए हैं। जो यात्री यात्रा जारी नहीं रखना चाहते, उन्हें पूरा पैसा वापस किया जाएगा या उनकी टिकट अगली उपलब्ध उड़ान में शिफ्ट की जाएगी।