‘ऑपरेशन सिंदूर’ की बरसी पर पाकिस्तान भूला औकातः भारत को दी गीदड़ भभकी, बोला-"अब और ज्यादा घातक होगा जवाब"

punjabkesari.in Thursday, May 07, 2026 - 02:10 PM (IST)

International Desk: भारत के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की पहली बरसी पर पाकिस्तान की सेना ने फिर भारत के खिलाफ तीखी बयानबाजी की है। पाकिस्तानी सेना ने दावा किया कि वह “भविष्य की चुनौतियों” से निपटने और किसी भी “आक्रामकता” का पहले से ज्यादा ताकतवर जवाब देने के लिए अपनी सैन्य क्षमताओं को लगातार बढ़ा रही है।  पाकिस्तान की सेना ने ‘मारका-ए-हक’ की पहली वर्षगांठ पर बड़ा बयान जारी करते हुए कहा है कि वह भविष्य की चुनौतियों और किसी भी संभावित युद्ध से निपटने के लिए अपनी सैन्य क्षमताओं, आधुनिक तकनीकों और पेशेवर तैयारी को लगातार मजबूत कर रही है।

 

पाकिस्तानी सेना ने पिछले साल भारत और पाकिस्तान के बीच हुए चार दिन के सैन्य संघर्ष को ‘मारका-ए-हक’ नाम दिया है। यह संघर्ष उस समय शुरू हुआ था जब भारत ने Operation Sindoor के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में आतंकवादी ठिकानों पर बड़े हमले किए थे। बता दें कि 22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में 26 लोगों की मौत हो गई थी। इसके जवाब में भारत ने 7 मई को ऑपरेशन सिंदूर लॉन्च किया।भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पीओके में मौजूद नौ आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया था, जिनमें कम से कम 100 आतंकवादियों के मारे जाने का दावा किया गया था। इसके बाद दोनों देशों के बीच भारी तनाव पैदा हो गया था। पाकिस्तान ने जवाबी हमले करने की कोशिश की, लेकिन भारतीय एयर डिफेंस और सैन्य सिस्टम ने अधिकतर हमलों को विफल कर दिया था। 

 

चार दिन तक चले इस सैन्य तनाव के बाद दोनों देशों के सैन्य अधिकारियों के बीच हॉटलाइन पर बातचीत हुई और 10 मई को संघर्ष विराम पर सहमति बनी थी।अब इस पूरे घटनाक्रम की पहली बरसी पर पाकिस्तान की सेना ने लंबा बयान जारी किया है। रावलपिंडी से जारी बयान में पाकिस्तानी सेना ने कहा कि बदलते भू-राजनीतिक हालात और “दुश्मन ताकतों” की बढ़ती क्षमताओं को देखते हुए सेना अपनी तैयारी लगातार बढ़ा रही है। सेना ने कहा कि पाकिस्तान की रक्षा के लिए उसका संकल्प अटूट हैऔर  आधुनिक युद्ध के लिए नई तकनीकें शामिल की जा रही हैं। भविष्य के युद्धक्षेत्र के लिए सेना तैयार है तथा किसी भी आक्रामकता का पहले से ज्यादा ताकतवर जवाब दिया जाएगा
 

पाकिस्तानी सेना ने अपनी वायुसेना Pakistan Air Force की विशेष रूप से तारीफ की। बयान में कहा गया कि पाकिस्तान एयर फोर्स भविष्य के युद्धों के लिए “फ्यूचर-रेडी एयर पावर” बन रही है और बहु-क्षेत्रीय अभियानों में महारत हासिल कर रही है। पाकिस्तानी सेना ने दावा किया कि पिछले संघर्ष के दौरान उसकी एयर फोर्स ने आधुनिक हवाई युद्ध के नए मानक स्थापित किए। कड़े सैन्य संदेश के साथ पाकिस्तान ने यह भी कहा कि वह खुद को “शांति प्रिय देश” मानता है और उसकी सेना क्षेत्रीय स्थिरता बनाए रखने के लिए काम कर रही है। हालांकि, बयान में यह भी साफ कहा गया कि अगर पाकिस्तान के खिलाफ कोई “शत्रुतापूर्ण कदम” उठाया गया तो उसका जवाब “और ज्यादा ताकत, सटीकता और दृढ़ संकल्प” के साथ दिया जाएगा।
 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News