'शहजादे को प्रधानमंत्री बनाने के लिए उतावला है पाकिस्तान', पीएम मोदी का राहुल गांधी पर निशाना

punjabkesari.in Thursday, May 02, 2024 - 01:35 PM (IST)

नेशनल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गुजरात के दौरे पर हैं। उन्होंने आणंद में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। पीएम मोदी ने कहा, "संयोग देखिए, आज भारत में कांग्रेस कमजोर हो रही है। मजा ये है कि यहां कांग्रेस मर रही है और वहां पाकिस्तान रो रहा है। कांग्रेस के लिए अब पाकिस्तानी नेता दुआ कर रहे हैं। शहजादे को प्रधानमंत्री बनाने के लिए पाकिस्तान उतावला है और कांग्रेस तो पाकिस्तान की मुरीद है ही। पाकिस्तान और कांग्रेस की ये पार्टनरशिप अब पूरी तरह एक्सपोज हो गई है।''
PunjabKesari
आज मोदी सरकार आतंकियों को घर में घुसकर मारती है
प्रधानमंत्री ने कहा, "जितने साल हमारे देश में कांग्रेस सरकार रही, बड़ा हमला हुआ था पाकिस्तान का। पाकिस्तान के आतंक का टायर पंचर हो गया है। जो देश कभी आतंकी एक्सपोर्ट करता था वो आटे के इम्पोर्ट के लिए दर दर भटक रहा है। जिसके हाथ में कभी बम गोला था उसके हाथ में आज भीख का कटोरा है। कांग्रेस की कमजोर सरकार आतंक के आकाओं को डोजियर देती थी। लेकिन, मोदी की मजबूत सरकार आतंकियों को घर में घुसकर मारती है।"
 

पीएम मोदी ने कहा, "देश ने 60 साल तक कांग्रेस का राज देखा है और देश ने 10 साल भाजपा का सेवा काल भी देखा है। वो शासन काल था ये सेवा काल है। कांग्रेस के 60 साल के शासन में करीब 60% ग्रामीण आबादी के पास शौचालय नहीं था। 60 साल बाद 10 साल में भाजपा सरकार ने शत प्रतिशत शौचालय बना दिए। 60 साल में कांग्रेस देश में सिर्फ 3 करोड़ ग्रामीण घरों तक ही नल से जल की सुविधा पहुंचा पाई यानी 20% भी नहीं, 10 साल में नल से जल पहुंचने वाले घरों की संख्या 14 करोड़ घर हो गई है, यानी 75% घरों में नल से जल पहुंचा है।"
PunjabKesari
मोदी ने 10 साल में 50 करोड़ से ज्यादा जनधन बैंक खाते खोले
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "60 साल में कांग्रेस ने बैंकों का राष्ट्रीयकरण किया, बैंकों पर कब्जा कर लिया और ये कहा कि बैंक गरीबों के लिए होने चाहिए। बैंकों का राष्ट्रीयकरण गरीबों के नाम पर करने के बावजूद भी कांग्रेस सरकार 60 साल में करोड़ों गरीबों के बैंक खाते नहीं खोल पाई। मोदी ने 10 साल में 50 करोड़ से ज्यादा जनधन बैंक खाते खोले।"
PunjabKesari
मोदी ने कहा, "कांग्रेस के कारण दशकों तक देश के संविधान के साथ भांति-भांति के खिलवाड़ हुए। सरदार साहब बहुत जल्दी चले गए, उसके कारण देश को बहुत नुकसान हुआ है। मेरे मन में है कि मैं सरदार साहब के सपने भी पूरे करने की कोशिश करूं...कांग्रेस के शहजादे आजकल माथे पर संविधान रखकर नाच रहे हैं। लेकिन, कांग्रेस मुझे जवाब दे कि जिस संविधान को आज माथे पर रखकर नाच रहे हो, क्यों 75 साल तक हिंदुस्तान के सभी हिस्सों पर ये संविधान लागू नहीं होता था।

कश्मीर में हिंदुस्तान का संविधान लागू नहीं होता था
मोदी के आने से पहले इस देश में 2 संविधान, 2 झंडे थे, 2 प्रधानमंत्री थे। शहजादे की पार्टी कांग्रेस ने, इनके परिजनों ने देश में संविधान लागू नहीं होने दिया था। कश्मीर में हिंदुस्तान का संविधान लागू नहीं होता था। धारा 370 दीवार बनकर बैठी थी। सरदार पटेल की भूमि से आए इस बेटे ने उस 370 को जमींदोज कर दिया और सरदार साहब को श्रद्धांजलि दी।"

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

rajesh kumar

Recommended News

Related News