Paint Price Hike: आम आदमी की जेब पर लगेगा ''महंगाई का रंग'': अप्रैल से 5% तक महंगे हो सकते हैं पेंट के दाम
punjabkesari.in Wednesday, Mar 11, 2026 - 02:40 PM (IST)
Paint Price Hike: अगर आप अपने घर में नया कलर करवाने की सोच रहे हैं तो यह आपके लिए एक महत्वपूर्ण खबर है। हाल ही में सामने आई रिपोर्ट के अनुसार यदि कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमतों में मौजूदा बढ़ोत्तरी जारी रहती है, तो अप्रैल महीने से पेंट की कीमतों में 2 से 5 % तक का इजाफा हो सकता है। 'सिस्टमैटिक्स रिसर्च' (Systematix Research) की रिपोर्ट के मुताबिक, पेंट उद्योग में कच्चे तेल का उपयोग मुख्य कच्चे माल के रूप में होता है। डीलरों का मानना है कि यदि क्रूड ऑयल के दाम ऊंचे स्तर पर बने रहते हैं, तो कंपनियां अगले महीने से कीमतों में बढ़ोतरी का फैसला ले सकती हैं।

कंपनियों ने नहीं कीमत बढ़ोतरी का आधिकारिक ऐलान
अप्रैल में पेंट उत्पादों के दाम 2% से 5% तक बढ़ सकते हैं। फिलहाल कंपनियों ने आधिकारिक तौर पर किसी बढ़ोतरी का एलान नहीं किया है। वे मार्च के अंत तक कच्चे तेल की कीमतों की स्थिरता का आकलन करेंगी। बाजार में बढ़ती प्रतिस्पर्धा के कारण कंपनियां शुरुआत में कीमतों को धीरे-धीरे (Staggered way) बढ़ा सकती हैं।

मुनाफे पर असर और बाजार की स्थिति
ऐतिहासिक आंकड़ों का विश्लेषण करें तो कच्चे तेल की कीमतों में हर 10% की तिमाही बढ़ोतरी से पेंट कंपनियों के सकल मार्जिन (Gross Margin) में लगभग 130 बेसिस पॉइंट की गिरावट आती है। बाजार की वर्तमान स्थिति की बात करें तो पेंट की मांग फिलहाल स्थिर बनी हुई है और इसमें मध्यम एकल अंकों (mid-single digits) की वृद्धि देखी जा रही है। प्रीमियम और लग्जरी पेंट के मुकाबले सस्ते पेंट (इकोनॉमी इमल्शन और डिस्टेंपर) की बिक्री तेजी से बढ़ रही है।
