AC Price Hike: AC कंपनियां बढ़ा सकती हैं दाम, Voltas बढ़ाएगा 5-15% तक कीमतें
punjabkesari.in Tuesday, Feb 24, 2026 - 04:13 PM (IST)
बिजनेस डेस्कः गर्मी के मौसम से पहले एयर कंडीशनर खरीदने की सोच रहे ग्राहकों के लिए अहम अपडेट है। उद्योग सूत्रों के मुताबिक, आने वाले हफ्तों में एसी की कीमतों में बढ़ोतरी हो सकती है। खासतौर पर Voltas समेत कई प्रमुख कंपनियां दाम बढ़ाने की तैयारी में हैं।
कितनी बढ़ सकती हैं कीमतें?
जानकारों का अनुमान है कि एसी की कीमतों में करीब 5%-15% तक की बढ़ोतरी संभव है। कंपनियों का कहना है कि इनपुट कॉस्ट में लगातार इजाफा हो रहा है, जिससे प्रोडक्शन महंगा पड़ रहा है।
बढ़ोतरी की मुख्य वजहें
एयर कंडीशनर के निर्माण में कॉपर (तांबा) और एल्युमीनियम का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल होता है। हाल के महीनों में इन धातुओं की कीमतों में तेजी आई है। इसके अलावा......
- इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स की लागत बढ़ी है
- लॉजिस्टिक्स और ट्रांसपोर्ट खर्च में इजाफा हुआ है
- ग्लोबल सप्लाई चेन दबाव में है
इन सभी कारणों से कंपनियों की कुल मैन्युफैक्चरिंग लागत बढ़ गई है।
नए एनर्जी नॉर्म्स का असर
सरकार द्वारा लागू किए जा रहे नए ऊर्जा दक्षता (Energy Efficiency) मानकों के तहत कंपनियों को ज्यादा एडवांस और बिजली बचाने वाली तकनीक अपनानी पड़ रही है। इससे शुरुआती लागत बढ़ रही है, लेकिन लंबे समय में ग्राहकों को कम बिजली बिल का फायदा मिल सकता है।
कब से लागू होंगी नई कीमतें?
उद्योग से जुड़े सूत्रों के अनुसार, कंपनियां पूरी लागत का बोझ एक साथ ग्राहकों पर नहीं डालना चाहतीं लेकिन आंशिक बढ़ोतरी तय मानी जा रही है। संभावना है कि गर्मी के पीक सीजन से पहले नई कीमतें लागू कर दी जाएं, जब मांग सबसे ज्यादा रहती है।
ग्राहकों के लिए क्या सलाह?
विशेषज्ञों का मानना है कि जो उपभोक्ता नया एसी खरीदने की योजना बना रहे हैं, वे संभावित बढ़ोतरी से पहले खरीदारी पर विचार कर सकते हैं। साथ ही, बाजार में आने वाले समय में ज्यादा ऊर्जा दक्ष और स्मार्ट फीचर्स वाले मॉडल्स की संख्या भी बढ़ने की उम्मीद है।
कुल मिलाकर, बढ़ती लागत और नए नियमों के चलते इस साल गर्मी में ठंडक पाना पहले से थोड़ा महंगा हो सकता है।
